बदायूं। पूर्व भाजपा विधायक महेश गुप्ता ने दिल्ली जाकर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। साथ ही गन्ना किसानों समस्याएं और बेरोजगारों को केंद्र संचालित योजनाओं में बैंकों द्वारा ऋण देने में परेशान किए जाने संबंधी समस्याएं भी बताईं। उन्होंने प्रदेश में बिगड़ रही कानून व्यवस्था के बारे में भी बताया। केंद्रीय गृहमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि वह इन समस्याओं के निदान के लिए प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व से वार्ता करेंगे।
दिल्ली से लौटे पूर्व विधायक ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री को ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया कि जिले में गन्ना किसानों को भुगतान नहीं मिल रहा है। जबकि मिलों को बिना ब्याज का भारी ऋण दिया गया। बेरोजगार भी परेशान हैं। उनको प्रधानमंत्री रोजगार योजना के तहत ऋण देने में घुमाया जा रहा है। बेरोजगारों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। केंद्रीय योजनाओं को प्रदेशीय शासन ठीक से लागू नहीं कर पा रहा है। प्रदेश सरकार इस ओर कोई ध्यान दे रही है। पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि प्रदेश और जिले में कानून व्यवस्था लड़खड़ा गई है। आपराधिक घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। जिले में सांप्रदायिक विवाद पैदा हो रहे हैं। पूर्व विधायक को गृहमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वपूर्ण योजनाओं में जो भी विभाग सहयोग नहीं करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। पूर्व विधायक के साथ उनके भाई पूर्व ब्लाक प्रमुख सुभाष गुप्ता भी रहे।