गांव कालूपुर कमालपुर के पास सड़क किनारे पलटा पड़ा बाजरे से भरा ट्रक। संवाद
बिसौली। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर गांव कालूपुर कमलपुर के पास शुक्रवार सुबह बाजरा लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक की कमानी टूट गई।
इससे बाजरा की बोरियां सड़क किनारे फैल गई। हादसे में ट्रक चालक उदयवीर घायल हो गया। पुलिस ने चालक को बिसौली सीएचसी पर भर्ती कराया है।
संभल जिले के कोतवाली क्षेत्र के गांव महमूदपुर निवासी चालक उदयवीर शुक्रवार सुबह उझानी गल्ला मंडी से ट्रक में बाजरा लोडकर काशीपुर जा रहे थे। इसी बीच बिसौली कोतवाली क्षेत्र में गांव कालूपुर कमलपुर के पास ट्रक के सामने चार पहिया वाहन आ गया।
वाहन को बचाने के प्रयास में उदयवीर ट्रक का संतुलन खो बैठे। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रक की कमानी टूटने से बाजरा भरी बोरियां फैल गई। हादसा होने के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को बिसौली सीएचसी पर भर्ती कराया। वहीं, यातायात प्रभावित होने के चलते पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटे ट्रक को सीधा कराया।