दातागंज में ट्रक में आग लगने के जला हुआ सामान व ट्रक । संवाद
दातागंज। बरेली बाइपास पर सोमवार रात नौ बजे हाईटेंशन लाइन के लटकते तार छू जाने से ट्रक में आग लग गई। ट्रक चालक उसे बस्ती से बाहर लेकर जाकर दमकल विभाग को सूचना दी। दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक ट्रक व उसमें लदे कूलर के पार्ट्स जल गए।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव बुर्रा फरीदुपर के रहने वाले दिनेश यादव ट्रक के मालिक है और खुद ही चलाते हैं। सोमवार की सुबह को दिल्ली से कूलर के पार्ट्स लोड करके वह बिहार जा रहे थे। दातागंज बरेली बाइपास पर शालू की दुकान के पास उन्होंने ट्रक को किनारे रोका। इसी दौरान ट्रक के ऊपर का हिस्सा बिजली की हाईटेंशन लाइन के लटकते तारों से छू गया। इससे ट्रक के पिछले हिस्से में आग लग गई। यह देख वह ट्रक भगाकर बस्ती के बाहर ले गए और दमकल विभाग को सूचना दी।
अग्निशमन की टीम ने स्थानीय लोगों के साथ दो घंटे तक मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। तब तक ट्रक का आधा हिस्सा जल जल गया। उसमें भरा हुआ कूलर का सामान भी जल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ट्रक चालक ने दिल्ली के उस दुकानदार को फोन करके अवगत कराया है जिसका माल बिहार जा रहा था। उसके आने के बाद पता लग सकेगा कि कितना नुकसान हुआ है। फिर भी चालक ने बताया कि लाखों रुपये का नुकसान हो गया है। इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।