100 केवीए के ट्रांसफार्मर से दिए गए 12 कनेक्शन
कई जगह नए मीटर लगाने का विरोध भी हुआ
शहर में बिजली लाइनों का मकड़जाल अब जल्द खत्म हो जाएगा। 78 करोड़ की लागत से शहर में अंडरग्राउंड लाइनों से बिजली सप्लाई का ट्रायल भी शुरू हो गया है। मंडी समिति इलाके के मोहल्ला आदर्श नगर में ट्रायल के रूप में 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाकर 12 उपभोक्ताओं को अंडरग्राउंड लाइन से कनेक्शन दिए गए हैं। हालांकि, यहां बिजली विभाग को विरोध का सामना भी करना पड़ा।
शासन ने शहर और सहसवान में बिजली सप्लाई अंडरग्राउंड लाइनों से शुरू करने की परियोजना को स्वीकृति दी थी। शहर में करीब 78 करोड़ रुपये की लागत से अंडरग्राउंड बिजली लाइनें डालने का काम चल रहा है। 50 फीसदी से ज्यादा काम पूरा भी हो चुका है। जिन इलाकों में अंडरग्राउंड लाइन डालने का काम पूरा हो चुका है। वहां पर अंडरग्राउंड लाइनों ने घरेलू और कामर्शियल उपभोक्ताओं को इस लाइन से कनेक्शन देने का काम चालू हो गया है। अंडरग्राउंड लाइन से जिन उपभोक्ताओं को कनेक्शन दिए जा रहे हैं, उनके यहां मीटर भी नए लगाए जा रहे हैं। ट्रायल के रूप में 100 केवीए के ट्रांसफार्मर से 12 कनेक्शन चालू कर दिए गए हैं। अधिशासी अभियंता छैल बिहारी ने बताया कि जिन इलाकों में लाइन डालने का काम पूरा हो चुका है। वहां अब कनेक्शन देने का काम शुरू किया जा रहा है।
इधर, अंडरग्राउंड लाइन से कनेक्शन के दौरान कुछ उपभोक्ताओं ने विरोध भी किया। उपभोक्ता नए मीटर लगाने और पहले इसी इलाके में अंडरग्राउंड लाइन से सप्लाई चालू करने का विरोध कर रहे थे। बाद में उनको समझाकर शांत कर दिया गया। ट्रायल के दौरान विद्युत विभाग सामने आने वाली परेशानियों को जांचेगा। इसके बाद इनमें सुधार कर बाकी इलाकों में सप्लाई चालू की जाएगी।
-----
करीब 78 करोड़ रुपये की लागत से अंडरग्राउंड बिजली लाइनों को डालने का काम किया जा रहा है। ट्रायल के रूप में कनेक्शन भी चालू कर दिए गए हैं। काम पूरा होने के बाद खंभे और इनसे गुजर रहीं लाइनों को हटा दिया जाएगा।
-मधुप श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता हाइडिल