बदायूं। अगर आपके पास भारी वाहन का लाइसेंस और हाईस्कूल पास हैं तो परिवहन निगम में सुनहरा मौका है। जिले में करीब 100 पदों पर संविदा चालकों की भर्ती होनी है। इसके लिए 31 मई तक का समय निर्धारित किया गया है।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के बदायूं डिपो में 10 से 31 मई तक अभियान चलाकर संविदा चालकों की भर्ती की जाएगी। ऐसे इच्छुक अभ्यर्थी जिनकी न्यूनतम लंबाई 5 फुट 3 इंच है, वह निर्धारित तिथियों पर सुबह 10 बजे मूल अभिलेखों के साथ वर्कशॉप स्थित एआरएम कार्यालय में जा सकते हैं।
अभिलेखों में जरूरी है कि उनके पास जूनियर हाईस्कूल, हाईस्कूल की मार्कशीट, प्रमाणपत्र, भारी मोटर यान चलाने का न्यूनतम दो वर्षों का अनुभव प्रमाणपत्र, लाइसेंस, निवास और जाति प्रमाण पत्र के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड हो।
आरएम दीपक चौधरी ने बताया कि नियुक्ति के लिए निर्धारित आयु सीमा न्यूनतम 23 वर्ष 6 माह है तो अधिकतम 56 वर्ष है। बताया कि संविदा चालकों को 2.06 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से पारिश्रमिक दिया जाएगा। प्रतिमाह 22 दिन ड्यूटी और पांच हजार किलोमीटर दूरी तय करने पर तीन हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि बदायूं में 100 संविदा चालकों की भर्ती होनी है। इसके लिए 10 से 31 मई तक किसी भी कार्य दिवस में भर्ती में शामिल हुआ जा सकता है।