बदायूं/ उझानी। कोरोना संक्रमण की वजह से बंद ट्रेनों में ज्यादातर पटरी पर दौड़ने लगी हैं। बरेली-कासगंज के बीच यात्रा करने वालों के लिए सितंबर काफी फायदेमंद होगा। पूर्वोत्तर रेलवे ने लालकुआं-कासगंज के बीच दो जोड़ी और बरेली सिटी-कासगंज जंक्शन के बीच एक जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। स्पेशल ट्रेनों का संचालन छह सितंबर से नियमित होगा।
रेलवे गोरखपुर मंडल के वरिष्ठ परिवहन प्रबंधक (कोचिंग) पीके अस्थाना की ओर से नई स्पेशल ट्रेनों के संचालन के लिए शुक्रवार शाम समय सारणी जारी कर दी गई। इसके अनुसार छह सितंबर से रोज स्पेशल ट्रेन संख्या-05370 लालकुआं से दोपहर में 12 बजे चलेगी, जो साढ़े चार बजे कासगंज जंक्शन पहुंचेगी। उझानी स्टेशन पर इसके पहुंचने का समय दोपहर दो बजकर 59 मिनट रहेगा। इसी तरह ट्रेन नंबर 05369 सात सितंबर को कासगंज से छह बजकर 10 मिनट पर चलेगी। यह ट्रेन उझानी में सात बजकर 20 मिनट पर पहुंचेगी।
ट्रेन नंबर 5381 छह सितंबर से शाम पांच बजकर 40 मिनट पर कासगंज से लालकुआं के लिए चलेगी। ट्रेन संख्या-5382 रोजाना लालकुआं से शाम सात बजकर 45 मिनट पर चलेगी, जो रात में 12 बजकर पांच मिनट पर कासगंज जंक्शन पहुंचेगी।
इसी तरह बरेली सिटी- कासगंज के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन संख्या-5397 कासगंज से बरेली के लिए रात में नौ बजकर 40 मिनट पर चलेगी, जो 20 बजकर 32 मिनट पर उझानी पहुंचने के बाद इसका रात में 12 बजकर 15 मिनट पर ठहराव होगा। स्पेशल ट्रेन संख्या-5398 बरेली सिटी से सुबह सात बजकर 40 मिनट से चलकर पूर्वाह्न 10 बजकर 55 मिनट पर कासगंज पहुंचेगी।
फिलहाल बरेली-कासगंज के बीच दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेन संचालित हैं। इसके अलावा एक्सप्रेस ट्रेनों में रामनगर-बांद्रा और आगरा फोर्ट इसी रूट पर होकर निकलती हैं, लेकिन रामनगर-बांद्रा का दोनों ओर से यहां ठहराव नहीं है। अब, तीन जोड़ी नई स्पेशल ट्रेनों के संचालन से बदायूं जिले के यात्रियों को पहाड़ से लेकर कान्हा की नगरी तक सफर आसान हो जाएगा।
लालकुआं और कासगंज के बीच दो जोड़ी और बरेली सिटी-कासगंज के बीच एक जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के संचालन के लिए समय सारणी जारी हो गई है। नई स्पेशल ट्रेनों से इस रूट पर सफर सुगम हो जाएगा। मथुरा के लिए कासगंज जंक्शन से लिंक रहेगा। इनमें एक जोड़ी स्पेशल ट्रेन का हॉल्टों पर स्टॉपेज नहीं होगा। - चंद्रभूषण प्रसाद, स्टेशन अधीक्षक