बसोमा में कीटनाशक का स्प्रे कराते रजत गुप्ता। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। बसोमा गांव में बुखार के प्रकोप के बीच बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग के शिविर में 107 लोगों को दवाएं दी गईं तो 70 लोगों का ब्लड सैंपल लेकर डेंगू की जांच को भेजा गया। इधर, राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती किशोरी समेत तीन लोगों की बुखार से मौत हो गई।
कृष्णा कॉलोनी निवासी रचना (45) पत्नी शिवकुमार को बुधवार शाम तेज बुखार आया। देर शाम परिजन ने रचना को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे उनकी मौत हो गई। श्रीनारायणगंज रीना (38) पत्नी आशीष शर्मा की बुधवार देर शाम मौत हुई। रीना को भी पिछले दिनों बुखार आया था। इसके अलावा दो दिन पहले मेडिकल कॉलेज में भर्ती बसोमा निवासी मधु (17) पुत्री प्रेमपाल की मौत हो गई। बसोमा में इससे पहले भी बुखार से सात लोगों की मौत हो चुकी है।
बसोमा में बृहस्पतिवार सुबह पंचायत घर में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। डॉ. प्रभाकर मिश्रा ने यहां चेकअप किया। डॉ. मिश्रा ने बताया कि 107 मरीज शिविर में पहुंचे। अधिकतर को बुखार था। डेंगू की जांच को 70 लोगों का ब्लड सैंपल लिया गया। डॉ. मिश्रा ने बताया कि गांव में जो मरीज सामने आए हैं, उन्हें वायरल है।
दस ग्रामीणों के घरों में मिला लार्वा, कीटनाशक का स्प्रे कराया
जिला मुख्यालय से बृहस्पतिवार सुबह मलेरिया विभाग की टीम बसोमा पहुंची। टीम में शामिल अनुपम यादव और राहुल सैनी ने बताया कि डेढ़ सौ अधिक घरों में चेकिंग की गई तो उनमें से 10 में लार्वा मिला। लार्वा फ्रिज में भी था। इसके बाद प्रधान पति सत्येंद्र साहू ने सफाई कर्मियों से नालियों और कई घरों में कीटनाशक का स्प्रे कराया। इस दौरान समाजसेवी रजत गुप्ता मौजूद रहे। इससे पहले चिकित्साधिकारी राजकुमार गंगवार भी बसोमा पहुंचे। उन्होंने मृतकों के घर पहुंचकर जानकारी की।
बसोमा गांव पर विशेष नजर रखी जा रही है। गांव में शिविर लगाकर लोगों का चेकअप कराया गया है। उन्हें दवाएं भी बांटीं गई हैं। अब तक डेंगू से कोई मौत सामने नहीं आई है। फिर भी डेंगू की जांच को ब्लड सैंपल लिए गए हैं। सफाई को लेकर भी प्रधान से बात हुई है।
- डॉ. निरंजन सिंह, चिकित्साधीक्षक