कुंवरगांव। हर घर नल से जल योजना के तहत हसनपुर, हरहरपुर और गंज गांव में पानी के लिए पाइप लाइन डाली गई। विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण तीन साल बाद भी यहां पर पानी का कनेक्शन नहीं दिया गया है। साथ ही मुख्य सड़कों से लेकर गलियां आज तक खुदी है। इससे लोगों को निकलने में परेशानी हो रही है।
जनपद में जल निगम की ओर से हर घर नल से जल योजना के तहत सभी गांवों के प्रत्येक घरों में पानी का कनेक्शन दिया जाना है। इसके तहत कुंवरगांव ग्राम पंचायत में नंदगांव, मोहनपुर, गंज, हसनपुर और हरहरपुर मजरा आते हैं। इन सभी गांव में पानी की पाइप लाइन डाल दी गई है। नंदगांव और मोहनपुर गांव में पानी का कनेक्शन दे दिया गया है। इसके अलावा हसनुपर, गंज और हरहरपुर गांव में आज तक पानी का कनेक्शन नहीं दिया गया। तीन गांवों का काम ठेकेदार अधूरा छोड़कर चला गया है। पाइप डालने के लिए खोदी गई सड़कें अब तक नहीं पाटी गई हैं। इसकी वजह ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के सुरेश, मोहन, रामवीर आदि का कहना है जब भी अधिकारियों से मिले, उन्होंने केवल आश्वासन दिया है और सड़कों को ठीक नहीं करवाया।
-
बोले ग्रामीण
- उम्मीद थी कि गांव में पेयजल कनेक्शन हो जाएगा। इससे पानी मिलने में आसानी हो सकेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ठेकेदार ने सड़कें खोदकर छोड़ दी, इससे परेशानी और बढ़ गई है। - राकेश
-
- हर घर नल से जल पहुंचाने के लिए गांव की सड़कें खोद दी गई हैं। उसे फिर से नहीं पाटा गया और जगह- जगह गड्ढे हो गए हैं। इस वजह से अब उधर से निकलना मुश्किल हो गया है। आए दिन कोई न कोई इन गड्ढों में गिर कर घायल हो रहा है। - मदनलाल
तीन साल पहले पाइप लाइन के लिए सड़क की खोदाई की गई थी, लेकिन आज तक उन सड़कों को सही नहीं कराया गया है। इससे काफी दिक्कत होती है। - राजेंद्र
कई बार अधिकारियों से मिले, अपनी समस्या से उनको अवगत कराया। वहां से केवल आश्वासन ही मिला। तीन सालों में काम आज तक पूरा नहीं हो सका है। - उदलराम
कोट,
- जल्द ही तीनों गांवों में कनेक्शन का काम पूरा करा दिया जाएगा। उसके बाद ही सड़काें की मरम्मत कराई जाएगी। किसी को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। - विशाल प्रताप, साइड इंजीनियर जल निगम