बदायूं। बरेली जीएसटी की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन ब्रांच (एसआईबी) की टीम की जांच में उझानी के मोहल्ला श्रीनारायणगंज निवासी मेंथा के बड़े कारोबारी मनोज गोयल की कोठी व गोदाम पर खरीद-फरोख्त में भारी अनियमितताएं मिली हैं। टीम ने गड़बड़ियां मिलने पर कारोबारी से मौके पर बीस लाख रुपये जमा कराए हैं। टीम ने खरीद-फरोख्त के संदिग्ध अभिलेख कब्जे में ले लिए हैं। बरेली में अभिलेखों की विस्तार से जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि जांच के बाद इससे भी ज्यादा रकम जमा कराई जा सकती है।
12 सदस्यीय टीम ने डिप्टी कमिश्नर रोहित कुमार के नेतृत्व में मेंथा कारोबारी मनोज गोयल की कोठी व गोदाम पर छापा मारा था। टीम कोठी के अंदर से गोदाम तक पहुंची और मेंथा से जुडे कारोबार में खरीद-फरोख्त के अभिलेखों की जांच शुरू की। एसआईबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अभिलेखों की जांच में भारी अनियमितताएं मिली हैं। बिना वाउचर के खरीद-फरोख्त करने के साथ टैक्स से जुड़ी कई अन्य खामियां मिली हैं। कई साल से गड़बड़ी करने की बात सामने आई है।
प्रारंभिक जांच के बाद कारोबारी से बीस लाख रुपये की धनराशि जीएसटी के रूप में जमा कराई गई है। संदिग्ध अभिलेखों को कब्जे में लेकर टीम बरेली लौट आई है। यहां खरीद-फरोख्त के अभिलेखों का मिलान किया जा रहा है। गौरतलब है कि टीम ने पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में करीब सात घंटे तक गोदाम में जांच की।