सहसवान। सीढि़यों के रास्ते घर में घुसे बदमाशों ने तमंचा तानकर महिला के कुंडल छीन लिए। इसके अलावा नकदी, जेवरात समेत हजारों रुपये का सामन ले गए। महिला ने एक को नामजद करते हुए पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव वाजिदपुर निवासी सरोजा पत्नी पान सिंह का कहना है कि उनका मकान गांव के बाहर खेत में बना हुआ है। रविवार रात वह अपने घर में बच्चों के साथ सो रही थी और पति छत पर सो रहे थे। रात में मकान की सीढि़यों के रास्ते घर में घुसे बदमाशों ने बक्से में रखे 18 हजार रुपये, चांदी की पायल, मोबाइल आदि सामान चोरी कर लिया। चोरों ने कानों से कुंडल उतारने का प्रयास किया तो वह जाग गई। इसके बाद एक बदमाश ने उसके ऊपर तमंचा तान दिया और दूसरे ने उसकी बेटी को चाकू दिखाया। इसके बाद चोरों ने उसके कुंडल छीन लिए और नाक की लौंग भी उतरवा ली। घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। महिला का कहना है कि उसने एक व्यक्ति को पहचान लिया है। उसने एक व्यक्ति को नामजद करते हुए पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र बहादुर सिंह का कहना था कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।