परिवार वालों ने ही एक युवक को पैरों में जंजीरें जकड़ कर कई दिन यातनाएं दीं। शनिवार को पीड़ित किसी तरह से छिपकर थाने पहुंचा। पुलिस को पूरी बात बताई तो पुलिस भी दंग रह गई। उसके पैरों की जंजीर खोली गईं। एसओ रुकुमपाल यादव ने तहरीर आने पर कार्रवाई की बात कही है।
थाना क्षेत्र के गांव कैथोला निवासी कल्याण पुत्र रामेश्वर शनिवार दोपहर थाने पहुंचा। रामेश्वर के दोनों पैर जंजीरों से जकड़े हुए थे। उसे देखकर पहले तो पुलिस ने समझा कि कोई मानसिक रोगी है। कल्याण ने जब आपबीती सुनाई तो सब दंग रह गए। जंजीर काटकर कल्याण को खोला गया। कल्याण का आरोप है कि उसकी पत्नी और छोटे भाई ने उसका यह हाल किया है।