बरेली। अगले साल जनवरी से अप्रैल के बीच हरिद्वार में आयोजित होने वाले अर्धकुंभ से पहले जंक्शन का कायाकल्प होगा। इससे पहले बरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म अपग्रेड किए जाएंगे और छह मीटर चौड़ा नया फुट ओवरब्रिज भी बनाया जाएगा।
अर्धकुंभ के दौरान देशभर से करोड़ों श्रद्धालुओं का हरिद्वार आवागमन होगा। वर्तमान में यात्रियों की संख्या के लिहाज से जंक्शन पर पर संसाधनों की कमी है। अर्धकुंभ के दौरान यात्रियों के साथ ट्रेनों का संख्या भी बढ़ जाएगी। ऐसे में यहां विकास के काम कराए जाने हैं। अप्रैल से शुरू होने वाले वित्त वर्ष में काम शुरू हो जाएंगे। लो लेवल प्लेटफॉर्म नंबर दो को हाई लेवल बनाया जाएगा। प्लेटफॉर्मों की लंबाई भी बढ़ाई जानी है। काम शुरू कराने से पहले रेलवे ने ब्लू प्रिंट पर काम शुरू कर दिया है। जिन परियोजनाओं पर काम होना है, उनके लिए धन पहले ही मिल चुका है।