दातागंज। थाना क्षेत्र के बेलाडांडी पुल के पास रामगंगा में एक 18 वर्षीय युवती का शव उतराता मिला है। शुक्रवार सुबह मामले की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों को इस संबंध में सूचना दी। मौके पर दातागंज सीओ राहुल पांडेय और एसपी सिटी अभिषेक सिंह भी मौके पर पहुंचे और जानकारी हासिल की।
युवती के शव को पानी से निकाला गया तो उसके पीछे से दोनों हाथ रस्सी से बंधे मिले हैं। माना जा रहा है कि युवती को हाथ बांधकर रामगंगा में फेंका गया है। हाथ बंधे होने के कारण पानी से बाहर निकलने का प्रयास भी नहीं कर सकी और डूबकर उसकी मौत हो गई। युवती की हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। मामाला दातागंज कोतवाली के रामगंगा पर बेला डांडी गांव के पास पुल है। यहां सुबह कुछ किसान खेतों की ओर निकले तो उन्हें रामगंगा में एक युवती का शव उतराता दिखाई दिया।
पहले तो इस शव को लेकर आसपास के लोगों में काफी चर्चाएं हुई। इसके बाद किसी ने फोन पर दातागंज पुलिस को सूचित कर दिया।
युवती का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पता लगा कि शव किसी युवती की है, जो सलवार सूट पहने है।
पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से शव को पानी से बाहर निकलवाया। सीओ राहुल पांडेय ने बताया पुलिस पूरे मामले की जांच के साथ युवती की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।