ब्लाक स्तरीय स्कूल चलो रैली निकली
स्कूल चलो अभियान के तहत बुधवार को यहां पर ब्लाक स्तरीय रैली का आयोजन किया गया। रैली को नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव कुमार गोल्डी और खंड शिक्षाधिकारी (बीईओ) शाहिद हुसैन ने हरी झंडी देकर रवाना किया।
रैली में शामिल स्कूली बच्चों और शिक्षिकों ने सभी अभिभावकों को अपने छह से 14 साल तक के बच्चों को स्कूल में नामांकन कराने को विभिन्न नारों के जरिए प्रेरित किया। कहा कि आधी रोटी खाएंगे,बच्चे जरूर पढ़ाएंगे। घर-घर शिक्षा दीप जलाना है,बच्चे अपने पढ़ाना है। नगर पंचायत चेयरमैन गौरव कुमार ने कहा कि शिक्षा के बिना विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती। इसलिए हर अभिभावक को चाहिए वह अपने बच्चे के स्कूल में दाखिला अवश्य कराएं। खंड शिक्षाधिकारी शाहिद हुसैन ने कहा कि शासन द्वारा सभी को शिक्षा से जोडने के लिए तमाम महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई जा रहीं हैं। उन्होंने भी बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन पर जोर दिया।
रैली में उच्च प्राथमिक, नवीन प्राथमिक, प्राचीन पाठशाला, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कन्या पाठशाला आदि के अलावा शाहपुर, मस्जिद नगला, सूर्यनगला, कुंवरगांव, बीलामई के भी स्कूलों के बच्चे थे। शिक्षक तारिक हुसैन, हेमेंद्र कुमार, पूनम भारद्वाज, मुकेश यादव, रामगोपाल, अनीस अहमद, मोहम्मद शाकिब, रौनक जहां,शिशुपाल सिंह आदि थे।