खामियां दूर कर टीले को बनाया जाएगा और सुसज्जित
डीएम और चेयरमैन ने किया अवलोकन
सहसवान स्थित सहस्त्रबाहु किले के अवशेष जो वर्तमान में एक टीले के रूप में प्रसिद्ध हैं, वहां की खामियों को दूर कर उसे और आकर्षक बनाते हुए पर्यटनस्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां आम जनता की आवक को बढ़ाया जाएगा। टी स्टाल खुलवाए जाएंगे और उसके ऊपरी हिस्से पर पत्थर का फर्श कराने सहित अन्य कई निर्माण कार्य होंगे।
जिलाधिकारी सीपी त्रिपाठी बुधवार को यहां पहुंचे। उन्होंने एसएसपी सौमित्र यादव, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष हाजी नूरउद्दीन, एसडीएम जंगबहादुर और अन्य अधिकारियों के साथ किले का स्थलीय निरीक्षण किया। टीले की भली भांति देखभाल न करने पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि टूट-फूट की मरम्मत कराई जाए। पुन: रंगाई-पुताई का कार्य कराया जाए। जिलाधिकारी ने टीले के ऊपरी हिस्से के कच्चा होने पर यहां पत्थर बिछवाने के निर्देश दिए। उन्होंने टीले पर प्रकाश व्यवस्था बढ़ाने के लिए लाइटें लगवाने को कहा। टीले की ऐतिहासिक स्थिति की जानकारी को लगाए गए बोर्ड की स्थिति ठीक न पाए जाने पर पुन: पेंट कर इतिहास लिखवाने के निर्देश दिए।
बता दें कि सहसवान स्थित सहस्त्रबाहु किले के अवशेष टीला जीण-शीर्ण अवस्था में था। उस पर कई लोगों की नजरें लगी हुई थीं। जिलाधिकारी ने पहले इसका सुंदरीकरण कराकर ऊपर जाने के लिए सीढ़ियों का निर्माण कराया था। ऊपर ग्रिल आदि लगाकर बेंच और प्रकाश व्यवस्था का कार्य कराकर इसको एक पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया था, लेकिन इसकी बाद में सही से देखभाल नही की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सीढ़ियों पर गमले लगवाए जाएंगे। कच्चे स्थान पर फुलवारी लगवाई जाएगी।