नुरपुर पिनौनी में सीओ को ज्ञापन देते प्रधान संघ के लोग। संवाद
इस्लामनगर। नूरपुर पिनौनी के प्रधान के गश खाकर गिरने के मामले में बुधवार को उनके बेटे ने डीडीओ के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। उन्होंने दो लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। प्रधान का चंदौसी में इलाज चल रहा है और हालत में सुधार है। ग्रामीणों ने डीडीओ का घेराव किया था, इसलिए उन्होंने इलाज के लिए 45 हजार रुपये भी दिए हैं। वहीं, सीडीओ ने डीडीओ से पूछताछ की है।
नूरपुर पिनौनी के प्रधान राधेश्याम गिरी के बेटे राजीव ने बताया कि पूर्व एसडीएम संजय सिंह के खिलाफ उनके पिता ने मुकदमा दर्ज कराया था। उस मुकदमे को वापस लेने के लिए डीडीओ दबाव बना रहे हैं। मुकदमा वापस न लेने पर डीडीओ ने ग्राम पंचायत में कराए गए निर्माण कार्यों की जांच शुरू कर दी। उसमें कमियां बताते हुए दो लाख रुपये की मांग की।
आरोप है कि मामले को रफा- दफा करने के लिए पांच मई की शाम को ब्लॉक कार्यालय में जाकर प्रधान ने डीडीओ को 50 हजार रुपये भी दिए हैं। इसके बाद उन्होंने डेढ़ लाख रुपये अगले दिन देने की बात कही थी। मंगलवार को जब डीडीओ पहुंचे तो प्रधान को जनता इंटर कॉलेज के शौचालय के पास ले जाकर अलग बात करने लगे। वहां रुपये की मांग करते हुए फटकारा तो वह गश खाकर गिर गए। इस पर गांव में हंगामा हुआ तो प्रधान को पहले इस्लामनगर के निजी अस्पताल और फिर चंदौसी में भर्ती कराया गया।
ग्रामीणों ने डीडीओ को घेर लिया था। इसलिए चंदौसी में प्रधान के इलाज के लिए डीडीओ ने 45 हजार रुपये दिए। इस मामले में राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने डीडीओ पर कार्रवाई की मांग की। मामले को तूल पकड़ता देख सीडीओ केशव कुमार ने डीडीओ से पूछताछ की। जल्द ही वह अपनी रिपोर्ट डीएम को देंगे।
-
सारी चीज प्रायोजित
- डीडीओ अजय कुमार सिंह का कहना है कि सारी चीज प्रायोजित हुई हैं। सचिव आस मोहम्मद की भूमिका संदिग्ध है। उसने ही राजनीतिक लोग इकट्ठा किए थे। नाते रिश्तेदारों को ठेका दिया है। 33 टेंडर की फाइल में गड़बड़ी है।
-
- प्रधान के बेटे ने डीडीओ के खिलाफ तहरीर दी है। इसमें उच्चाधिकारी के आदेश के बाद रिपोर्ट की जाएगी। फिलहाल जांच की जा रही है।
- विशाल प्रताप सिंह, थाना प्रभारी, इस्लामनगर