बदायूं। सहकारी क्षेत्र की शेखूपुर चीनी मिल पेराई सत्र 2021-22 का कभी भी समापन कर सकती है। दरअसल, गन्ने की कमी के कारण मिल को रोक-रोककर चलाना पड़ रहा है। ऐसे में मिल प्रबंधन की ओर से पब्लिक नोटिस जारी किया गया है।
मिल प्रबंधन की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि कई दिन से पर्याप्त गन्ना न आने के कारण मिल को बार-बार बंद करना पड़ रहा है। इससे खर्च बढ़ रहा है। मिल प्रबंधन ने किसानों से अपील की है कि अगर किसानों के पास गन्ना है तो वह जल्द मिल को उपलब्ध करा दें। ऐसा न करने पर अगर मिल को गन्ना की उपलब्धता न होने के कारण बंद करना पड़ता है तो शेष गन्ना की पेराई न होने की जिम्मेदारी गन्ना उत्पादक किसानों की होगी। फिलहाल मिल के पास केवल दो दिन का गन्ना ही बाकी है। मिल के जीएम राजीव रस्तोगी ने बताया कि दो दिन के बाद मिल को बंद करना पड़ जाएगा। पेराई सत्र का समापन भी किया जा सकता है। संवाद