बिसौली। स्कूल की यूनिफार्म लेने माता-पिता के साथ सोमवार को आई कक्षा पांच की छात्रा की सड़क हादसे में मौत हो गई। रक्षाबंधन से पूर्व हुई घटना को लेकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इकलौती बहन की मौत से दोनों भाइयों की कलाई रक्षाबंधन पर सूनी रहेगी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सर्वा निवासी जोगेंद्र यादव की बेटी प्रिया गांव में ही एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा पांच की छात्रा थी। सोमवार को वह माता-पिता के साथ साइकिल से बिसौली आई थी। घर लौटते समय रोडवेज बस स्टैंड के पास बस ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में पिता के हाथ और प्रिया के शरीर में गंभीर चोटें आईं। महिला की हालत ठीक है।
हादसे के बाद परिजन घायल प्रिया को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे बदायूं रेफर कर दिया गया। देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे मुरादाबाद ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही प्रिया ने दम तोड़ दिया। बेटी की मौत के बाद परिजन शव लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
प्रिया तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके छोटे भाई प्रतीक और राघव हैं। बेटी की मौत से मां बेगमवती का रो-रोकर बुरा हाल है, परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर नहीं आई है, तहरीर आते ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
सड़क किनारे खड़ी महिला की वाहन की चपेट में आकर मौत
- बेलाडांडी रोड पर सड़क किनारे मकान में रहता है महिला का परिवार
संवाद न्यूज एजेंसी
दातागंज। बेलाडांडी रोड पर अपने घर के सामने सड़क किनारे खड़ी एक महिला को किसी वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। घायल महिला को परिवार वाले इलाज के लिए सेफई मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मिल के सामने रहने वाले नेत्रपाल की पत्नी आरती (48) सोमवार की शाम पांच बजे अपने घर के सामने सड़क के किनारे खड़ी थीं। किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। टक्कर मारने वाले वाहन के संबंध में किसी को पता नहीं लगा। परिजन घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बदायूं रेफर कर दिया गया।
परिवार वाले बदायूं से उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे कि रास्ते में उनकी मौत हो गई। शव को लेकर आए परिजनों ने पुलिस को घटना के संबंध में जानकारी दी। नेत्रपाल मूल रूप से चापरकौरा गांव के रहने वाले हैं। रामगंगा से कटान होने पर उन्होंने दातागंज में मकान बनवा लिया है। सीओ अशेष नाथ ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।