बदायूं। सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान कछला गंगा घाट से जल लेने आए कांवड़ियों से पूर्व चेयरमैन के इशारे पर सरकारी भूमि पर अवैध पार्किंग बनाकर शुल्क वसूली की जा रही थी। पुलिस ने कांवड़ियों से पार्किंग शुल्क के नाम पर अवैध वसूली करते दो लोगों को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया।
सोमवार को अवैध वसूली करते हुए पुलिस ने कछला के वार्ड नंबर 7 निवासी देवेंद्र और मिथुन चौहान को पकड़ा था। आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया था कि कछला के पूर्व चेयरमैन नरेश यादव व उनकी पत्नी रेखा और मोटे उर्फ उधल ने उन दोनों को 500 रुपये रोज की मजदूरी पर रखा था।
कछला आने वाली प्रत्येक बाइक से रसीद देकर 50 रुपये लेने को कहा था। उनके ही अनुसार, वह प्रत्येक बाइक से रसीद देकर 50 रुपये की वसूली कर रहे थे। इसके लिए फर्जी रसीद बुकें भी छपवाई गई थीं। अवैध पार्किंग बनाने के लिए निर्माणाधीन बाइपास गाेविंद बल्लभ पंत महाविद्यालय के सामने और चौराहे की साइड में रस्सी बांधकर जगह-जगह अवैध पार्किंग बनाई गई।
शनिवार से सोमवार तक अवैध पार्किंग के नाम पर कछला जल लेने आए कांवड़ियों से लाखों रुपये की वसूली किए जाने की चर्चा है। उझानी कोतवाली पुलिस ने अवैध वसूली करने वाले पांच लोगों को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
प्रकरण संज्ञान में आने पर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट से जेल भेजा गया है। तीन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। आरोपियों के जल्द गिरफ्त में नहीं आने पर न्यायालय से गैर जमानती वारंट लेकर कार्रवाई की जाएगी। - अभिषेक कुमार सिंह, एसपी सिटी