बदायूं। रेडिमेड कपड़ों का व्यापार कर रही सहसवान की छह फर्मों पर मंगलवार की देर रात एसआईबी की टीम ने छापा मारा था। फर्मों के स्टाक में 55 लाख का माल ऐसा मिला, जिसकी खरीद के बिल व्यापारी दिखा नहीं सके थे। एसआईबी अब इसी स्टाक का हवाला देते हुए नोटिस जारी कर रही है। फर्म का पक्ष सुनने के बाद टैक्स लगेगा।
जीएसटी के एडीशनल कमिश्नर ग्रेड वन ओपी चौबे ने बताया कि दो फर्मों के खिलाफ बिना बिल के खरीदारी और बिक्री करने की शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच के लिए जब मंगलवार को रात टीम पहुंची तो उसी परिसर में रेडिमेड कपड़े बेचने वाली चार और फर्में मिल गईं। जब चेकिंग हुई तो सभी में टैक्स अदा किए बगैर खरीद बिक्री किए जाने की स्थिति सामने आई।
एडीशनल कमिश्नर के मुताबिक फर्म दीपेंद्र क्लॉथ हाउस, श्री श्याम गारमेंट्स, रिद्धिमा कलेक्शन, शिव ट्रेडर्स, हरी बाबू एंड संस, बाबा गारमेंट्स में चेकिंग की गई। दीपेंद्र क्लॉथ हाउस की ओर से 1,10,000 और श्याम गारमेंट्स की ओर से 50,000 का टैक्स जमा किया गया है। इन दो फर्मों के साथ चार अन्य फर्मों को भी नोटिस जारी किए जा रहे हैं। नोटिस के जवाब मिलने पर टैक्स तय किया जाएगा। चेकिंग करने वाली जीएसटी की दो टीमें थीं। उन्होंने कहा कि अब छोटे कस्बों की फर्मों पर भी एसआईबी की चेंकिंग होगी ताकि टैक्स अदा करें और खरीद बिक्री में टैक्स की चोरी न होने पाए। पहली टीम में परमहंस यादव, वकीउल्लाह प्रवीण माथुर शामिल रहे। दूसरी चेकिंग टीम सहायक आयुक्त विकास मिश्रा, इंद्रजीत सिंह, केशव सक्सेना आदि अधिकारी शामिल थे।