गांव गिघौल में किक्रेट मैच में शानदार प्रदर्शन पर खिलाडृ़ी को पुरस्कृत करते आयोजक। संवाद
जगत। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम गिधौल में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मुकाबले में स्टार इलेवन म्याऊं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए माधव क्रिकेट क्लब म्याऊं को 41 रन से हराकर जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर माधव क्रिकेट क्लब ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्टार इलेवन ने निर्धारित 12 ओवरों में 121 रन बनाए। टीम की ओर से दिलबर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। फहीम ने 25 रन बनाने के साथ गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। वहीं आले हसन ने गेंदबाजी करते हुए दो प्रमुख बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई।
122 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी माधव क्रिकेट क्लब की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज विपिन और विक्रम बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। इसके बाद अरविंद और मिट्ठू ने टीम की पारी को संभालने का प्रयास किया। अरविंद ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने एक ओवर में लगातार तीन विकेट चटकाए। अंतिम ओवरों में कप्तान सौरभ ने तेज रन बनाने की कोशिश की, लेकिन टीम निर्धारित 12 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 80 रन ही बना सकी।
इस तरह स्टार इलेवन ने 41 रन से शानदार जीत दर्ज कर ली। मैच अर्धशतकीय पारी के लिए दिलबर को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।