उझानी (बदायूं)। माध्यमिक कॉलेजों के विद्यार्थियों की जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में मेजबान विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र पहलवानों का दबदबा कायम रहा। कॉलेज के आठ छात्रों ने रोचक मुकाबलों में अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ दिया। विजेता पहलवानों को डीआईओएस राममूरत सिंह ने पुरस्कृत किया। विजेता पहलवान अब मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में कुश्ती में दमखम दिखाएंगे।
विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के मैदान पर जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता सोमवार पूर्वाह्न में शुरू हुई। डीआईओएस राममूरत सिंह और एमजीपी कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य वाईके सिंह ने पहले फीता काटा फिर दो छात्र पहलवानों के आपस में हाथ मिलवाकर कुश्ती शुरू कराई। विद्या मंदिर कॉलेज के प्रधानाचार्य अतरसिंह यादव और पूर्व क्रीड़ाधिकारी सुभाषचंद्र मिनोचा की देखरेख में कुश्ती के दौरान छात्र पहलवानों ने दांवपेंच दिखाए। श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज के छात्र प्रमोद कुमार को रोचक मुकाबले में विद्या मंदिर कॉलेज के सलमान ने हराया। विद्या मंदिर के ही वेदपाल ने श्रीकृष्ण कॉलेज के विकास कश्यप, भुवनेश कुमार ने त्रिवेणी सहाय इंटर कॉलेज भटपुरा बिसौली के सचिन, आजिम ने केएम इंटर कॉलेज इस्लामनगर के योगेंद्र सिंह को पछाड़ दिया।
विद्या मंदिर कॉलेज के साजिम ने एनएल स्टार इंटर कॉलेज के गोविंद यादव को चित्त किया। मदनलाल इंटर कॉलेज के सोहिल ने विद्या मंदिर के सुरजीत को पटखनी दी। छात्राओं के मुकाबले में विद्या मंदिर कॉलेज की शिल्पी ने वीपी सिंह स्मारक कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की शीतल को हराया। छात्राओं में शिवानी ने भी अपना मुकाबला जीता। डीआईओएस समेत अतिथियों ने विजेता छात्र और छात्रा पहलवानों को पुरस्कृत किया। आयोजक प्रधानाचार्य ने बताया कि विजेता पहलवानों का चयन मंडलीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता के लिए कर लिया गया है। इस मौके पर योगेश प्रताप सिंह, शैलेंद्र यादव, विद्यादेवी, संतोष यादव, सुधीर कुमार सिंह, शफी अहमद, राजाराम आदि मौजूद रहे।