बरेली मार्ग पर हुए हादसे में मृतक चालक के शोकाकुल परिजन। संवाद
बिनावर (बदायूं)। बरेली–बदायूं हाईवे पर गांव घटपुरी के निकट गंगा एक्सप्रेसवे उतरान वाले पुल के पास रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राजस्थान नंबर की एक तेज रफ्तार निजी स्लीपर बस ने आगे चल रहे दो छोटा हाथी वाहनों में टक्कर मारकर उन्हें रौंद डाला। टक्कर इतनी तेज थी कि एक वाहन का चालक मौके पर ही दम तोड़ गया, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चार जानवरों की भी मौत हो गई और पांच घायल हैं।
कासगंज जनपद के ग्राम गंगसारा निवासी खिलाड़ी अपने पुत्र गौरव (18) के साथ नौ सूअर को लेकर छोटा हाथी से बरेली के देवचरा बाजार जा रहा था। उसके ही पीछे बर्फ से भरा एक अन्य छोटा हाथी बिनावर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही राजस्थान की निजी स्लीपर बस ने दोनों वाहनों को एक साथ पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों वाहन सड़क पर पलटकर क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में छोटा हाथी का चालक चंद्र किशोर (50 वर्ष) पुत्र बाबूराम निवासी गंगसारा कासगंज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जानवर लेकर जा रहे खिलाड़ी (60) और उनका पुत्र गौरव घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं चार जानवरों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हैं।
हाईवे पर लगा रहा जाम
टक्कर के बाद चालक और परिचालक बस छोड़कर मौके से भाग गए। जब पुलिस पहुंची तो बस में कोई यात्री भी नहीं मिला। हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलते ही थाना बिनावर पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों व मृत जानवरों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक-परिचालक की तलाश शुरू कर दी है।
बरेली मार्ग पर हुए हादसे में मृतक चालक के शोकाकुल परिजन। संवाद
बरेली मार्ग पर हुए हादसे में मृतक चालक के शोकाकुल परिजन। संवाद
बरेली मार्ग पर हुए हादसे में मृतक चालक के शोकाकुल परिजन। संवाद