दातागंज। पेट दर्द और बुखार होने पर डाक्टर ने छह साल की बच्ची को इंजेक्शन लगा दिया। उसके कुछ देर बाद बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कर शव पोस्टमॉर्टम को भेजा दिया। देर शाम को बच्ची का शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया।
गांव डहरपुर निवासी पप्पू की छह साल की बेटी को शुक्रवार सुबह पेट दर्द व बुखार की शिकायत हुई। परिवार के लोगों ने गांव में एक झोलाछाप को दिखाया तो कुछ फायदा नहीं मिला। इसके बाद वह एक डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने इंजेक्शन लगा दिया। उसके बाद बच्ची की हालत और भी बिगड़ गई। कुछ ही देर में बच्ची की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने हंगामा किया और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शव पोस्टमॉर्टम को भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई ने बताया कि बच्ची की मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से साफ हो जाएगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जो दोषी होगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। संवाद