गोदाम को सील करातीं एसडीएम ज्योति शर्मा। संवाद
- फोटो : BADAUN
बिसौली (बदायूं)। एसडीएम ज्योति शर्मा ने मंगलवार रात अचानक बीयर बार के सामने एक गोदाम पर छापा मारा। यहां से 350 कट्टे बाल पोषाहार के बरामद हुए हैं। माना जा रहा है कि बाल पोषाहार अवैध बिक्री के लिए लाए गए थे। एसडीएम ने गोदाम को सील करा दिया है। गोदाम मालिक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने चौकीदार को हिरासत में ले लिया है।
मंगलवार शाम एसडीएम ज्योति शर्मा को सूचना मिली कि कस्बे में बीयर बार के सामने बदायूं रोड पर एक गोदाम में भारी मात्रा में बाल पोषाहार लाए गए हैं। संभवत ये पोषाहार अवैध बिक्री के लिए लाए गए हैं। शाम के समय कुछ लोगों ने ट्रक से बाल पोषाहार उतरते हुए देखा था। देर रात एसडीएम ने बिसौली कोतवाली पुलिस को बुलाकर मौके पर पहुंचीं। उन्होंने मामले की जानकारी जुटाई। बताया जा रहा है कि ये गोदाम कस्बा निवासी नजाकत मंसूरी का है। इसमें पहले ट्रैक्टर की एजेंसी थी लेकिन अब एजेंसी खत्म हो चुकी है। इससे इसे गोदाम बना लिया गया है। इसके मालिक ने यहां ख्वाजा ट्रेडर्स के नाम से फर्म खोली है।
छापामारी के दौरान एसडीएम ने गोदाम के मालिक को मौके पर बुलाया और गोदाम खुलवाकर उसे चेक किया जहां 350 कट्टे बाल पोषाहार के बरामद हुए। सभी कट्टों में दलिया थी। मामले की जानकारी करते हुए एसडीएम ने उसी समय गोदाम को सील करा दिया। इस संबंध में डीपीओ को सूचना दे दी है। उन्होंने अपनी जांच शुरू कर दी है कि आखिर ये पोषाहार कहां से आया और कौन लाया था। इसमें मौके पर मिले चौकीदार को हिरासत में ले लिया गया है। इधर, एसडीएम ने गोदाम मालिक के खिलाफ कार्रवाई शुरू करा दी है। देर शाम तक मामले में कार्रवाई नहीं हो सकी।
मंगलवार रात सूचना के आधार पर गोदाम पर छापा मारा गया था। वहां से 350 कट्टे बाल पोषाहार बरामद हुआ है। गोदाम को सील करा दिया गया है। इसमें कार्रवाई कराई जा रही है। - ज्योति शर्मा, एसडीएम
कट्टों का स्वरूप बदलकर सप्लाई किया जा रहा था बाल पोषाहार
बदायूं। मंगलवार रात एसडीएम की छापामारी से बाल पोषाहार के अवैध धंधे का खुलासा हुआ है। यहां गोदाम में बाल पोषाहार लाने के बाद उनके कट्टों का स्वरूप बदल दिया जाता था। बाल पोषाहार की नई पैकिंग कराई जाती थी। इसके बाद क्षेत्र में सप्लाई कर दिया जाता था।
बाल पोषाहार का ये अवैध धंधा कस्बे के गोदाम में चल रहा था। बताते हैं कि एसडीएम बिसौली ज्योति शर्मा को इसकी समय पर सूचना मिल गई थी। इससे इतना बड़ा खुलासा हो गया। अगर ये सूचना बुधवार सुबह मिली होती तो शायद बाल पोषाहार नहीं मिलता या फिर तब तक उनके कट्टे बदल दिए जाते। पोषाहार नई पैकिंग में भरकर अलग रखवा दिया जाता। जिस समय उन्होंने छापा मारा। उस समय करीब चार-पांच मजदूर बाल पोषाहार को नई पैकिंग में पैक कर रहे थे। छापामारी देखकर मजदूर तो भागने में कामयाब रहे लेकिन गोदाम का चौकीदार पकड़ा गया। अभी उससे पूछताछ की जा रही है। देर रात तक मामले में और खुलासे हो सकते हैं।