स्काउट भवन पर छात्र-छात्राओं को प्रदेश स्तरीय तृतीय सोपान प्रशिक्षण दिया गया। स्रोत संस्था
बदायूं। स्काउट भवन एवं प्रशिक्षण केंद्र पर प्रदेश स्तरीय तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ उत्साह और अनुशासन के वातावरण में हुआ। शिविर में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए स्काउट-गाइड ने प्रतिभाग कर स्काउटिंग की बारीकियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि स्काउटिंग केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण को जीवन में उतारने, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
जिला संगठन कमिश्नर मोहम्मद असरार ने स्काउट-गाइड को ध्वज शिष्टाचार, स्काउटिंग आंदोलन के इतिहास एवं उद्देश्य, टोली निर्माण, टोली नायक और सहायक टोली नायकों के उत्तरदायित्व, स्काउट नियम व प्रतिज्ञा सहित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया। जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि तृतीय सोपान प्रशिक्षण स्काउट-गाइड के व्यक्तित्व निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी है। प्रशिक्षण के माध्यम से उनमें सेवा, साहस, अनुशासन और नेतृत्व के गुण विकसित होते हैं। इस दौरान गाइड कैप्टन रजनी कुमारी, प्रेमलता शर्मा, रेनू गुप्ता आदि मौजूद रहे।