तीसरे दिन सहसवान में शांति लौटने लगी है। बुधवार को कस्बे के ज्यादातर बाजार भी खुले। हालांकि बलवा और आगजनी के किसी आरोपी को पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। शांति बहाली के बाद कस्बे से फोर्स को भी कम कर दिया गया है। तनाव को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर पीएसी की तैनाती फिलहाल रखी गई है।
सोमवार को मोहल्ला नवादा स्थित अरुण नाम के युवक ने व्हट्सएप ग्रुप को धार्मिक पुस्तक का आपत्तिजनक फोटो भेज दिया था। पुलिस ने मोहल्ला कटरा शहवाजपुर निवासी फैजान की तहरीर पर अरुण के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसके बावजूद अराजक तत्वों ने सोमवार रात कस्बे में जमकर आगजनी और बवाल किया। राज्यमंत्री ओमकार सिंह के कार्यालय में भी घुसने की कोशिश की गई। बाद में राज्यमंत्री के कार्यालय के सामने आगजनी की गई। बलवा और आगजनी के मामले में पुलिस ने मंगलवार को सात लोगों को नामजद करते हुए 300 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मंगलवार को खौफ के चलते कस्बे के बाजार बंद रहे थे। बुधवार को स्थिति में सुधार होने के बाद बाजार खुले और लोग भी घरों से निकले। इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि बलवा और आगजनी के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।