बदायूं। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों का असर अब जिले में साफ दिखाई देने लगा है। गैस सिलिंडर और पेट्रोल-डीजल की संभावित किल्लत की चर्चाओं के बीच उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति बन गई है, इसके चलते शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई है। हालात यह है कि सुबह होते ही लोग गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं, जबकि पेट्रोल पंपों पर भी सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक बिक्री दर्ज की जा रही है।
शुक्रवार को जिले के विभिन्न हिस्सों में गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लोगों की भीड़ रही। कई उपभोक्ता बाइक पर खाली सिलिंडर लादकर एजेंसी पहुंचे और एजेंसी खुलने से पहले ही लाइन में लग गए। लंबी कतारों के कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई स्थानों पर महिलाएं, बुजुर्ग और युवा धूप में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि सिलिंडर लेने के लिए उन्हें आधा दिन से ज्यादा समय लग गया।
शहर में जहां गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी की व्यवस्था होने से कुछ हद तक राहत मिली है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति अधिक गंभीर बनी हुई है। अलापुर, बिसौली, वजीरगंज, मुड़िया और उझानी सहित कई कस्बों की एजेंसियों पर दिनभर लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। उपभोक्ता भूख-प्यास की परवाह किए बिना सिलिंडर प्राप्त करने के लिए लाइन में डटे रहे।
इसी के समानांतर पेट्रोल-डीजल को लेकर भी लोगों में चिंता देखी जा रही है। अफवाहों के चलते कई लोग अपनी गाड़ियों में सामान्य से अधिक ईंधन भरवा रहे हैं। पेट्रोल पंपों पर सुबह से देर शाम तक वाहनों की आवाजाही बढ़ी रही। उपभोक्ताओं के बीच यह चर्चा आम रही कि यदि हालात ऐसे ही रहे तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की भी किल्लत हो सकती है। इसी आशंका के चलते लोग अतिरिक्त ईंधन का स्टॉक करने में जुटे हैं। प्रशासन ने भी स्थिति को गंभीरता से लेते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
-
पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध
जिला पूर्ति अधिकारी सतीश कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति भी नियमित रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक घबराहट में अधिक खरीदारी करने से ही कृत्रिम संकट की स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ता अपनी दैनिक आवश्यकता के अनुसार ही खरीदारी करें और अफवाहों से दूर रहें। प्रशासन द्वारा सभी एजेंसियों और पेट्रोल पंपों की निगरानी की जा रही है, ताकि कहीं भी कालाबाजारी या अनियमितता की स्थिति न बनने पाए।
शहर के पेट्रोल पंप पर तेल भरवाते लोग। संवाद- फोटो : चांदा के कोइरीपुर में श्रीराम जन्मोत्सव पर निकली शोभायात्रा।