बदायूं जिले में वजीरगंज से विजय नगला होते हुए अर्सिस-बर्खिन को जोड़ने वाला करीब 13.65 किलोमीटर लंबा मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, टूटी पटरियां और उखड़ी हुई गिट्टी के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया था। खासकर बरसात के दिनों में कीचड़ और पानी भरने से स्थिति और खराब हो जाती थी। इस मार्ग से करीब 10 गांवों के लोगों को रोजाना आवागमन करते हैं। अब इस सड़क को 25.44 करोड़ रुपये की लागत से बनाने का काम शुरू हुआ है।
वजीरगंज से विजय नगला होते हुए अर्सिस बर्खिन को जाने वाले रोड पर कसेर पनौटा, मोहनपुर, गंज, वनगढ़, युसुफनगर, बर्खिन समेत अन्य गांवों के लोगों का रोजाना आना रहता है। सड़क टूटी होने के कारण लोगों का काफी परेशान हो रहे थे। इसको लेकर ग्रामीणों ने कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सड़क को बनवाने की मांग की। जिसके बाद में लोक निर्माण विभाग की ओर से इसको कार्य योजना में शामिल करते हुए शासन से बजट की मांग।
सड़क बनने से सुगम होगा आवागमन
शासन से स्वीकृति और बजट मिलने के बाद विभाग ने इस दिशा में काम करना शुरू कर दिया। यह सड़क करीब 25.44 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही है। इस सड़क के बनने से किसानों को अपनी फसल मंडी तक ले जाने में आसानी होगी। वहीं, बच्चों को स्कूल-कॉलेज जाने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके जहां अलावा क्षेत्र में व्यापार और आवागमन बढ़ने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग की एक्सईएन वंदना सोनकर ने बताया कि निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरा कराया जाएगा और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इसके बन जाने से लोगों को आने जाने में परेशानी नहीं होगी।