बदायूं। सदर कोतवाली क्षेत्र में छोटी ज्यारत के पीछे शटडाउन वापस लेने से करंट की चपेट में आने से हुई निजी लाइनमैन की मौत के मामले में नवादा उपकेंद्र के एसएसओ (सब स्टेशन ऑपरेटर) व जेई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है। रिपोर्ट मृतक के पिता की ओर से दर्ज कराई गई है। वहीं शुक्रवार को पुलिस ने लाइनमैन के शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव भगवतीपुर मढ़ैया निवासी मुंशी लाल ने सदर कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उनका बेटा भारत सिंह उर्फ दीन दयाल (30) विद्युत संबंधी कार्य करके परिवार का पालन-पोषण करता था। खाली समय में वह खेतीबाड़ी में हाथ बंंटाता था। वह खेड़ा नवादा निवासी संविदा लाइनमैन हिलाल के साथ विद्युत संबंधी कार्य करने अक्सर जाता था।
बृहस्पतिवार शाम उसका बेटा भारत सिंह उर्फ दीन दयाल सदर कोतवाली क्षेत्र में छोटी ज्यारत के पीछे नाजिर नाम के किसान के नलकूप की नई लाइन खींचने संविदा लाइनमैन हिलाल के साथ गया था। इस दौरान लाइनमैन हिलाल ने नवादा विद्युत उपकेंद्र से शटडाउन लिया हुआ था। उस दौरान उपकेंद्र पर एसएसओ धीर सिंह व अज्ञात जेई थे। दोनों को ही शटडाउन के बारे में जानकारी थी।
तहरीर में कहा गया है कि इसी बीच बगैर सूचना दिए एसएसओ व जेई द्वारा शटडाउन वापस ले लिया गया। इससे उसका बेटा करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके बेटे की मौत विद्युत निगम के कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से हुई है।
पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात में जेई व एसएसओ धीर सिंह के खिलाफ लापरवाही से किसी की मौत होने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। सदर कोतवाल प्रवीण सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।