अमरनाथ में सुरक्षित हैं बदायूं के श्रद्धालु, परिवार से संपर्क साधा
- फोटो : अमरनाथ में सुरक्षित हैं बदायूं के श्रद्धालु, परिवार से संपर्क साधा
अमरनाथ में बदायूं के सभी श्रद्धालु पूरी तरह से सुरक्षित हैं। इन लोगों का अपने परिवार वालों से संपर्क भी हो गया है। इसके बाद परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली है। सोमवार रात अमरनाथ यात्रियों पर आतंकी हमले के बाद इन लोगों के परिवार वाले भी सलामती को लेकर चिंतित थे।
स्थानीय अभिसूचना इकाई और खुफिया विभाग की मानें तो बदायूं से अमरनाथ यात्रा के लिए 73 लोग गए थे। जब वहां आतंकी हमला हुआ तो बदायूं के करीब 50 लोग अमरनाथ यात्रा पर थे। लौट रहे 23 यात्री रास्ते में थे। बजरंग दल के जिला संयोजक उज्ज्वल गुप्ता के चाचा मनोज कुमार गुप्ता अपने बेटे सिद्धार्थ के साथ हमले के वक्त अमरनाथ यात्रा पर ही थे। सोमवार को उनका परिवार वालों से संपर्क नहीं हो पा रहा था। इससे परिवार वाले चिंतित हो गए लेकिन मंगलवार को संपर्क हो गया। इसके बाद मनोज कुमार गुप्ता ने अमरनाथ से ही अपना और अपने बेटे का फोटो भी परिवार वालों को व्हाट्स ऐप पर भेजा है। इधर, सराफा बाजार निवासी अरविंद वैश्य भी सोमवार को पत्नी और बच्चों के साथ अमरनाथ में थे। ये लोग भी पूरी तरह से सुरक्षित हैं। परिवार वालों से मंगलवार को संपर्क होने के बाद अरविंद वैश्य ने भी अपनी कुशलता के बारे में बताया। उन्होंने भी अमरनाथ से अपना परिवार के साथ फोटो भेजा है। विजनेश एंड पार्टी ग्रुप के साथ गए एक दर्जन बदायूं के लोग भी पूरी तरह से सुरक्षित बताए जा रहे हैं।