उझानी। कोतवाली क्षेत्र के गांव बिहार हरचंद स्थित राशन की दुकान में कार्डधारक का अंगूठा स्कैन नहीं हो रहा था। इससे नाराज कार्डधारक पिता-पुत्र ने कोटेदार पर फरसे से हमला कर दिया। पुलिस ने हमलावर पिता- पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिहार हरचंद निवासी कोटेदार चंद्रभान शर्मा के बेटे योगेश कुमार ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम सात बजे उनके पिता राशन बांट रहे थे। गांव का ही अनिल राशन लेने को आया। काफी कोशिश के बाद भी मशीन से उसका अंगूठा स्कैन नहीं हो पाया। अनिल ने कोटेदार से गाली गलौज की। इसके बाद वह लौट गया, फिर अपने पिता प्रेमपाल के साथ लाठी और फरसा लेकर आया। इस दौरान प्रेमपाल ने कोटेदार को दबोच लिया और अनिल ने फरसा मार दिया।
हमले में लहूलुहान कोटेदार को देख पास में मौजूद लोग भी आ गए। कोटेदार को जान से मार देने की धमकी देकर हमलावर भाग निकले। घायल कोटेदार का रात में सीएचसी में प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोटेदार की हालत नाजुक है। पुलिस ने हमलावर अनिल और उसके पिता प्रेमपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।