उझानी (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बरात में शामिल होने पहुंचा रिश्ते का मामा नशे में हैवान बन गया। वह बरात देखने के लिए दरवाजे पर खड़ी छह साल की मासूम को बुलाकर खेत पर ले गया और दुष्कर्म किया। वहशी के चंगुल से छूटी बच्ची ने घर पहुंचकर मां को घटना के बारे में बताया तो परिवार वालों ने आरोपी को दबोच लिया। बाद में पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने नामजद रिपोर्ट कर बच्ची का प्राथमिक उपचार कराया है।
दुष्कर्म की घटना बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे हुई। गांव के ही एक व्यक्ति की भांजी की बरात आई थी। इसमें लड़की पक्ष से ही एक गांव निवासी सोमवीर (20) भी शामिल होने आया था। सोमवीर ने बरात चढ़त के दौरान शराब पी। इसके बाद वह बरात देखने के लिए दरवाजे पर खड़ी छह साल की रिश्ते की भांजी को खेत की तरफ ले गया और उससे दुष्कर्म किया। बाद में किसी तरह हैवान के चंगुल से छूटकर मासूम घर पहुंची और मां को जानकारी दी। जानकारी पाकर परिवार वालों ने मौके पर जाकर सोमवीर को दबोच लिया, पिटाई के बाद पुलिस को बुलाकर उसके हवाले कर दिया। पुलिस ने सबसे पहले मासूम को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां हालत ठीक होने पर शुक्रवार सुबह परिवार वाले उसे घर ले आए।
बच्ची के चाचा की ओर से सोमवीर के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इधर, बृहस्पतिवार रात एसपी सिटी प्रवीन चौहान ने भी मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची की हालत ठीक है, उसका मेडिकल कराया गया है। आरोपी और बच्ची के कपड़े कब्जे में लेकर जांच को भेज दिए गए हैं। आरोपी को सख्त सजा दिलाने के लिए पुलिस विधिक साक्ष्य भी जुटाएगी, साथ ही आरोपी का डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा।
-
गिड़गिड़ाने पर भी नहीं माना रिश्ते का मामा
उझानी (बदायूं)। रिश्ते का मामा सोमवीर छह साल की मासूम को गुमराह कर खेत की ओर ले जाने लगा तो उसके पीछे बच्ची के परिवार का एक बालक भी लग गया। इस पर उसने उसे धमकाते हुए यह कहकर लौटा दिया कि अगर किसी से कुछ कहा तो जान से मार देगा। इधर, मासूम गिड़गड़ाई पर शराब के नशे में सोमवीर हैवान बना रहा।
मासूम के परिजन ने बताया कि शाम को सोमवीर घर आया तो सभी के प्रति उसका व्यवहार पहले की तरह था। उसने शराब कहां पी, यह नहीं पता। मासूम ने इतना जरूर बताया कि उसने रिश्ते के मामा के उसे छोड़ने के लिए पैर भी पकड़े लेकिन वह नहीं माना। इधर, पकड़े जाने के बाद सोमवीर के साथ मासूम के परिजन ने सख्ती की तो वह शराब के नशे में गलती कर बैठने की कहकर छोड़ने की गुहार लगाने लगा। इस पर उसके अपने ही परिवार वालों ने लताड़ दिया। सोमवीर शादीशुदा है। उसके भी एक बेटी भी है।
-
मासूम की बड़ी बहन पर थी सोमवीर की नजर
नशे में सोमवीर ने सबसे पहले मासूम की बड़ी बहन को यह कहते हुए गुमराह किया कि उसे शौच के लिए जाना है, घर से लोटे में पानी लेकर साथ आ जाए। यह सुनने पर किशोरी ने उसे खरी-खोटी सुना डाली, लेकिन उसे इस बात का आभास नहीं हो पाया कि सोमवीर उसकी बहन को हैवानियत का शिकार बना लेगा। परिवार वालों को कहना है कि उसने एक महिला का पल्लू भी खींचा। संवाद