बदायूं। यूपी बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्रों का वितरण शुरू हो गया है। पहले दिन राजकीय इंटर कॉलेज बदायूं के कोठार से 60 परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र भेजे गए हैं। प्रश्न पत्रों का वितरण डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार ने खुद मौजूद रहकर कराया।
हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा 24 फरवरी से शुरू हो रही है। इसके लिए प्रश्नपत्रों का वितरण बृहस्पतिवार से शुरू हो गया। प्रश्न पत्र पुलिस के साथ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने प्रश्न पत्रों के लिए सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रखी अलमारियों में रखवाकर सील कर दिया।
स्ट्रांग रूम में चार अलग-अलग अलमारी में प्रश्नपत्र रखे गए हैं। चौथी अलमारी में प्रश्नपत्रों के अतिरिक्त सेट रखे गए हैं। इस अलमारी को सील करने के बाद एक चाबी थानाध्यक्षों को दी गई है। डीआईओएस ने प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के बाद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि प्रश्नपत्रों का वितरण शुरू हो गया है। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।