उझानी। एक हजार रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत करने पर जनसेवा केंद्र संचालक ने ग्राहक की पिटाई कर दी। पिटाई से घायल ग्राहक का मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव जुनैया निवासी आराम सिंह की ओर से दर्ज रिपोर्ट में कहा गया है कि अंकित का जनसेवा केंद्र है। वह 17 अप्रैल को अंकित के जनसेवा केंद्र से एक हजार रुपया निकालने पहुंचे तो उसने केवाईसी की दिक्कत बता दी। फिर रुपये उनके खाते से कट गए। बृहस्पतिवार शाम जब वह इसकी शिकायत करने पहुंचे तो उनके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि उसने जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस ने घायल आराम सिंह का मेडिकल भी कराया है।
इसके अलावा तीन दिन पहले कछला के वार्ड छह निवासी पूजा पत्नी प्रेमपाल अपने पालतू कुत्ते को टहलने के लिए निकलीं तो बहोरन नगला के ओमेंद्र से कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद पूजा की पिटाई कर दी। इसकी सूचना पर मौके पर पहुंची पूजा की बेटी पलक को भी पीट दिया। पुलिस ने मां- बेटी का मेडिकल कराने के बाद आरोपी ओमेंद्र, सर्वेशी, रितु और जसवीर को नामजद कराया है।