फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अनोखा विरोध: नगर पंचायत की लाइन काटी तो बिजली उपकेंद्र के गेट पर पलटी कूड़े की ट्रॉली, रास्ता हुआ बंद, जानें मामला

Fri, 08 Apr 2022 10:04 PM IST
आकाश दुबे संवाद न्यूज एजेंसी, दहगवां (बदायूं)

सार

नगर पंचायत दहगवां की विद्युत सप्लाई बंद कराने से गुस्सा सफाई कर्मचारियों ने विद्युत उपकेंद्र के मुख्य गेट पर कूड़े की ट्रॉली पलट दी। जिससे वहां काम करने वाले कर्मचारियों के उपभोक्ताओं को परेशानी हुई।
विज्ञापन
दहगवां बिजली उपकेंद्र के मेन गेट पर पड़ा कचरा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बदायूं में दहगवां नगर पंचायत की विद्युत लाइन काटना पॉवर कॉरपोरेशन कर्मचारियों को भारी पड़ गया। इसके बाद मामला गरमाया तो कर्मचारियों ने पूरे कस्बे समेत आस-पास के गांवों की बिजली सप्लाई बंद कर दी। देर रात तक बिजली सप्लाई चालू नहीं हो सकी। दोनों पक्षों में गतिरोध के बीच एसडीएम सहसवान महिपाल सिंह को भी अवगत करा दिया गया है। नगर पंचायत और पॉवर कॉरपोरेशन के बीच खींचतान का खामियाजा कस्बे और आसपास के गांवों के लोग भुगत रहे हैं।

विज्ञापन


दहगवां ग्राम पंचायत को नवंबर 2018 में नगर पंचायत का दर्जा मिला है। नगर विकास राज्यमंत्री रहे मौजूदा शहर विधायक महेश गुप्ता के प्रयास से उनके पैतृक गांव दहगवां को नगर पंचायत का दर्जा मिला था। इसके बाद यहां नगर पंचायत का एक छोटा कार्यालय बना कर ईओ की तैनाती कर दी गई है। अब तक नगर पंचायत का गठन नहीं हो सका है। ग्राम पंचायत में ओवरहेड टैंक और नलकूप भी आता था। अब यह नगर पंचायत के अधीन है। नलकूप पर पॉवर कॉरपोरेशन का करीब 42 लाख बकाया है। बकाया भुगतान न होने पर शुक्रवार को पॉवर कॉरपोरेशन ने नगर पंचायत की बिजली सप्लाई बंद करा दी।

इस बारे में नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों को मालूम हुआ तो वह भड़क उठे। सफाई कर्मचारियों ने दहगवां बिजली उपकेंद्र के मेन गेट पर एक ट्रॉली कूड़ा डाल दिया। इससे उपकेंद्र में आने-जाने का रास्ता बंद हो गया। पावर कॉरपोरेशन कर्मचारियों ने एसडीई सतेंद्र कुमार और जेई रजनीश को इस बारे में बताया। उन्होंने नगर पंचायत ईओ रवि चंद्र से शिकायत की, लेकिन नतीजा सिफर रहा।
विज्ञापन


इससे गुस्साए पावर कॉरपोरेशन कर्मचारियों ने दोपहर करीब तीन बजे पूरे नगर समेत आस-पास के गांवों की बिजली सप्लाई बंद कर दी। नगर पंचायत ईओ के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। देर रात तक दोनों पक्षों में खींचतान के बीच बिजली सप्लाई ठप रही। एसडीएम सहसवान महिपाल सिंह को भी पूरे मामले की जानकारी दी गई है।

विज्ञापन

बाइक के चालान पर कुंवरगांव में काट दी थी थाने की बिजली लाइन

पॉवर कॉरपोरेशन के कर्मचारियों ने 28 मार्च को कुंवरगांव थाने की बिजली काट दी थी। वजह थी कि कुंवरगांव बिजली उपकेंद्र का लाइनमैन अजय 28 मार्च को गांव कैली में विद्युत लाइन जोड़ कर वापस लौट रहा था। रास्ते में थाने के दरोगा राम नरेश ने कैली मोड़ पर अजय की बाइक का बिना हेलमेट में चालान कर दिया था। अजय ने उपकेंद्र पहुंच कर साथी कर्मचारियों को बताया तो गुस्साए कई कर्मचारी एकत्र होकर थाने पहुंचे और कुंवरगांव थाने में बिजली के दस से ज्यादा कनेक्शन काट दिए। इस मामले को लेकर विभाग के अधिकारियों ने कहा था कि थाने में एक कनेक्शन स्वीकृत है। इसके स्थान पर अवैध रूप से कई कनेक्शन चल रहे थे। अवैध कनेक्शन काटे गए हैं।

ईओ ने यह कहा
नगर पंचायत के ईओ रविचंद्र का कहना है कि ट्रैक्टर खराब होने से कूड़े की ट्रॉली को सफाई कर्मचारियों ने बिजली उपकेंद्र के पास मजबूरी में खाली कर दिया था। कूड़ा उठ़वा दिया जाएगा। नगर पंचायत पर जो भी बकाया है उसका बिल मिलने पर भुगतान किया जाएगा। ओवरहेड टैंक और नलकूप ग्राम पंचायत के अधीन थे। उसके बिल का भुगतान ग्राम पंचायत को करना है।

नगर पंचायत कर्मियों ने फैलाई गंदगी
एसडीई सत्येंद्र कुमार का कहना है कि नगर पंचायत कर्मियों की हरकत गलत है। देश के प्रधानमंत्री स्वच्छ भारत का संदेश दे रहे हैं और नगर पंचायत कर्मी गंदगी फैला रहे हैं। बिजली कर्मचारियों की कोई गलती नहीं है। उच्चाधिकरियों को जानकारी दी गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें