उझानी। कछला के एमआरएफ सेंटर परिसर में कूड़ा लदे वाहनों को अनलोड किए जाने से रोके जाने के बाद बृहस्पतिवार सुबह वितरोई मोड़ के पास विरोध हो गया। परेशान चालक लौटे और उन्होंने कूड़ा लदे वाहनों को पालिका गेट के पास खड़ा कर दिया। बता दें कि यह विरोध करीब चार माह से चला आ रहा है।
बरेली- मथुरा हाईवे के नजदीक वितरोई मोड़ के पास इलाके के लोगों के विरोध के बाद बृहस्पतिवार की सुबह करीब नौ बजे कूड़ा लदे वाहनों को वापस लेकर चालक लौटे। वाहनों के चालक विपुल कुमार, सौरभ और राजेश ने सफाई निरीक्षक हरीश कुमार त्यागी के सामने दिक्कतें बयां कीं।
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों कछला के एमआरएफ सेंटर परिसर में कूड़ा लदे वाहनों को खाली किए जाने से मना कर दिया गया था। इसके बाद वितरोई मोड़ के पास सड़क किनारे गड्ढों में कूड़ा उड़ेलना शुरू किया गया तो इलाके के ग्रामीण विरोध करने लगे। सुबह में कुछ लोगों ने हंगामा भी कर दिया।
कूड़ा लदे वाहन अपराह्न करीब दो बजे तक नगर पालिका गेट के पास खड़े रहे। बाद में पालिका प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था कर कूड़ा लदे वाहनों को गैरआबादी क्षेत्र में सड़क किनारे गड्ढों में खाली करा दिया। इसे लेकर कस्बे में पूर्वाह्न तक सफाई कार्य प्रभावित रहा। बता दें कि पालिका प्रशासन का एमआरएफ सेंटर पटपरागंज गांव के पास है।
पटपरागंज समेत आसपास के ग्रामीणों ने करीब पांच महीना पहले जबर्दस्त विरोध किया था। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के नेतृत्व में धरना दिया गया तो एसडीएम ने परिसर में पहले लगे कूड़े के ढेरों का निस्तारण होने तक और कूड़ा डाले जाने पर रोक लगा दी थी। तब से पालिका स्थायी समाधान नहीं तलाश पाई है।
एमआरएफ सेंटर से चोरी हो चुके हैं मशीनों के उपकरण
नगर पालिका का पटपरागंज स्थित एमआरएफ सेंटर करीब पांच साल पहले बना था। शुरू के दो-तीन साल तक कस्बे के कूड़े को पटपरागंज के परिसर में अनलोड किया जाता रहा। पालिका ने सेंटर का निर्माण भूमि खरीदे जाने के बाद कराया था, लेकिन पिछले साल कूड़ा निस्तारण से पहले ही विरोध बढ़ा तो पालिका कर्मियों ने उस ओर से मुंह मोड़ लिया। इसके बाद परिसर में मशीनों के उपकरण भी चोरी हो गए। पालिका की ओर से इसकी रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल पाया।
नगर पालिका के कूड़ा लदे वाहनों को गैर आबादी क्षेत्र में उड़ेले जाने की वैकल्पिक व्यवस्था कर ली गई है। बृहस्पतिवार सुबह में जो वाहन वितरोई के पास से लौटा दिए गए, उन्हें दोपहर बाद दूसरे स्थान पर खाली करा दिया गया है।- हरीश कुमार त्यागी, सफाई निरीक्षक