बदायूं के राजकीय मेडिकल कॉलेज में डॉ. अमृता बाजपेयी की टीम ने दोनों आंखों के तिरछेपन का सफल ऑपरेशन किया। इस जटिल सर्जरी से 21 वर्षीय आलोक की समस्या पूरी तरह दूर हो गई। इससे स्थानीय लोगों में चिकित्सा सुविधा को लेकर भरोसा बढ़ा है।
बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग में विभागाध्यक्ष डाॅ. अमृता बाजपेयी की टीम ने दोनों नेत्रों के तिरछेपन का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया है।
विज्ञापन
गांव सिरसौली निवासी 21 वर्षीय आलोक बचपन से ही दोनों आंखों के तिरछेपन की समस्या से जूझ रहे थे। इस कारण उन्हें समाज में भैंगा’ कहे जाने की पीड़ा भी सहनी पड़ती थी। कई अस्पतालों में उपचार कराने के बावजूद समाधान न होने पर एक परिचित की सलाह पर वह राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जांच के बाद डॉ. अमृता बाजपेयी ने बताया कि इस जटिल समस्या का निवारण दो चरणों में सर्जरी के माध्यम से किया जा सकता है।
दो बार में किए गए ऑपरेशन के बाद आलोक की दोनों आंखों का तिरछापन ठीक हो गया है। ऑपरेशन के बाद आलोक एवं उनके परिवारीजनों ने नेत्र रोग विभाग और राजकीय मेडिकल कॉलेज का आभार जताते हुए कहा कि यहां उपलब्ध उन्नत सुविधाओं के कारण आम जनता को बड़े महानगरों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
विज्ञापन
ऑपरेशन में डाॅ. राजेश शाक्य, डाॅ. अपूर्वा, डाॅ. जतिन, डाॅ. निकिता एवं डाॅ. आशीष का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि हमारा प्रयास है कि जिले एवं आसपास के जिलों की जनता को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं यहीं उपलब्ध कराई जाएं।