रोजगारपरक कोर्स कराने के साथ स्कॉलरशिप दिलाने के नाम पर निजी शहर के एक निजी इंस्टीट्यूट ने कई युवकों से हजारों रुपये ठग लिए। ठगी का शिकार युवाओं ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है।
सिविल लाइंस थाने के खेड़ा नवादा के मुख्तार अली, मुस्लिम, बख्तार अली, नरेश, प्रदीप, नवाब अली समेत करीब एक दर्जन युवाओं ने बताया कि शहर के एक निजी इंस्टीट्यूट के संचालक ने दो महिलाओं के साथ मिलकर इनसे दो-दो हजार रुपये वसूले। इसके बदले नेशनल स्किल डवलपमेंट कार्पोरेशन कोर्स (एनएसडीसी) कराने और साथ में छह-छह हजार रुपये की स्कॉलरशिप दिलाने का वादा किया। एक साल से पहले ही कोर्स बंद होने की बात कह दी गई। स्कॉलरशिप भी नहीं मिली। आरोप है कि जब इंस्टीट्यूट संचालक से बात की गई, तो वह गोलमोल जवाब दे रहा है। रुपये मांगे, तो धमकियां देने लगा। ठगी का शिकार युवओं ने अब रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर सिविल लाइंस थाने में दी है।
इधर, संचालक का कहना है कि कुछ युवक उनको ब्लैकमेल कर उगाही करने के लिए ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
कोर्स और स्कॉलरशिप के नाम पर युवाओं से रुपये वसूले जाने का मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराकर ठगी करने वाले इंस्टीट्यूट संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। -राजेंद्र सिंह धामा, सीओ सिटी