बदायूं। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाएगा। सबसे पहले शहरी क्षेत्र के 95,000 उपभोक्ताओं के घरों व प्रतिष्ठानों पर स्मार्ट मीटर लगेंगे। निजी कंपनी के कर्मचारियों ने मीटर लगाने के लिए सर्वेक्षण कर तैयारी शुरू कर दी है। मीटर लगाए जाने का जुलाई में ही काम शुरू हो जाएगा।
जिले में प्रत्येक उपभोक्ता के घर और प्रतिष्ठान पर स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं। जिले में कुल 4,62,000 उपभोक्ता हैं। इसमें 95,000 उपभोक्ता नगरीय क्षेत्रों के हैं। बदायूं शहर, बिसौली, बिल्सी, दातागंज, उझानी, ककराला, सहसवान में स्मार्ट मीटर सबसे पहले लगाने की तैयारी है। उपभोक्ताओं को मोबाइल के सिम की तरह रिचार्ज कर सकेंगे। बैलेंस खत्म होने पर ऑनलाइन ही बिजली आपूर्ति कट जाएगी।
बिजली कर्मियों को घर-घर जाकर मीटर की रीडिंग लेने और फिर बिल वसूली से छुटकारा मिल सकेगा। साथ ही गलत रीडिंग और बिल से संबंधित शिकायतों से भी राहत मिलेगी। ऑनलाइन कंट्रोल रूम से रीडिंग लेकर बिल जेनरेट कर दिया जाएगा और बिल की पूरी डिटेल मीटर पर ही डिस्प्ले होने लगेगी। कंट्रोल रूम से ही ट्रांसफाॅर्मर को दी जा रही बिजली और हो रही वसूली का इनपुट मिलेगा। इसके बाद चोरी पर भी लगाम लग सकेगी। मीटर लगाने का कोई खर्च बिजली उपभोक्ताओं को नहीं देना होगा। मीटर लगने से उपभोक्ताओं को बिजली खपत, बिल आदि से संबंधित जानकारी व्हाट्सएप या एसएमएस के माध्यम से मिलेगी।
उपभोक्ताओं के घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर स्मार्ट मीटर लगाए जाने के लिए मुख्यालय से निजी कंपनी का चयन हो चुका है। कंपनी के कर्मचारी आए थे, वे सर्वेक्षण कर रहे हैं। जिले में घरेलू बिजली के 3,34,000 उपभोक्ता हैं, इनके घरों और प्रतिष्ठानों पर मीटर पहले लगाए जाने हैं। इसमें पहले नगरीय क्षेत्र के 95 हजार उपभोक्ताओं को वरीयता मिलेगी। लखनऊ जैसे बड़े शहरों में पहले ही प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं। अखिलेश कुमार, अधीक्षण अभियंता