शोभायात्रा के साथ मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा
होली चौकी स्थित शिव मंदिर पर मूर्तियां स्थापित
नगर के होली चौक स्थित शिव मंदिर पर सोमवार को पूरे विधि विधान के साथ हवन पूजन कर भगवान शिव पार्वती सहित अनेक देवी-देवताओं की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई। प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व पूरे नगर में मूर्तियों की शोभायात्रा निकली गई।
समारोह में प्रमुख आचार्य सर्वेश्वर मिश्र तथा उनके सहयोगी आचार्य पंडित रामकिशोर शास्त्री, ओमपाल शर्मा तथा जितेंद्र शर्मा ने पूरे विधि विधान से मूर्तियों का पूजन कराया। पूजन के बाद सभी मूर्तियों की पूरे नगर में शोभायात्रा निकली गई । शोभायात्रा मंदिर से प्रारम्भ होकर देवी मंदिर पर भ्रमण करती हुई अवल रोड से मुख्यमार्ग पर होती हुई भोलेनाथ मंदिर होकर नगर भ्रमण करते हुए मंदिर लौटकर विसर्जित हुई। भ्रमण के दौरान शोभायात्रा का जगह जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। महिलाओं ने मूर्तियों की पूजा अर्चना की। मूर्तियों के नगर भ्रमण के बाद मंदिर पर हवन का आयोजन हुआ, जिसमें मुख्य यजमान रामबहादुर मोहन लाल तथा मुकेश ने सपत्नीक पूजन कर यज्ञ में आहुति अर्पित कीं। हवन के बाद वेदमंत्रों की ध्वनि के बीच मूर्तियों की मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की गई। मुख्य आरती के बाद आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन में मुरली मनोहर गुप्ता, राजाराम, रामकिशन, ठाकुरदास आदि का विशेष सहयोग रहा।