सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन करते गद्दी चौक के लोग। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। शहर में गद्दी चौक से पनबड़िया की ओर जाने वाली सड़क पर पड़ा मलबा न सिर्फ हादसों का सबब बन रहा है, बल्कि इस कारण यहां दुकानदारों का व्यापार भी ठप हो गया है। कई बार अधिकारियों से शिकायत के बाद भी सड़क का काम शुरू नहीं हो सका है। इससे परेशान स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया।
गद्दी चौक से पनबड़िया की ओर जाने वाली रोड कई साल से खराब थी। चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले निर्माण के नाम पर सड़क को खोदवा कर डाल दिया गया। इससे रास्ता बंद है। सड़क पर मलबा होने के कारण काफी समस्या होती है। इस कारण आसपास के दुकानदारों की दुकानदारी ठप हो गई है। आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक सड़क पर यातायात ठप होने से गद्दी चौक पर दिन भर जाम भी लगता है।
शुक्रवार को फिरोज, गजेंद्र कुमार, सचिन, हर्ष, विनोद, जितेंद्र, विकास गुप्ता, शैलेंद्र, कमदउद्दीन, रामाशंकर, रामकुमार दिवाकर आदि ने सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने समस्याओं को लेकर लिखित शिकायत भी नगर पालिका में की। संवाद