उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले हुई बैठक में मौजूद पदाधिकारी। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों की बैठक जिलाध्यक्ष व प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा की अध्यक्षता में मालवीय आवास शिक्षक भवन पर आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि पुरानी पेंशन बहाली समेत विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 30 नवंबर को लखनऊ के इको गार्डन में धरना प्रदर्शन होगा।
संजीव शर्मा ने कहा कि प्रांतीय कार्यकारिणी की ओर से 30 नवंबर के धरने को सफल बनाने के लिए प्रत्येक जिले के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए गए हैं, जोकि जिले से जाने वाली सभी बसों से जाने वाले शिक्षकों का ब्यौरा अपने पास रखेंगे और शिक्षकों के साथ अंतिम बस में बैठ कर इको गार्डन के लिए रवाना होंगे।
जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव ने कहा कि शासन की शिक्षक कर्मचारी विरोधी नीतियों के चलते सभी में रोष व्याप्त है। अपनी मांगें पूरी होने तक शिक्षक धरना प्रदर्शन करते रहेंगे। जिला कोषाध्यक्ष सुशील चौधरी ने बताया कि लखनऊ में इको गार्डन में धरना प्रदर्शन के दौरान यदि शासन द्वारा कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है तो उस स्थिति में जब तक प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा की ओर से कोई निर्देश नहीं दिया जाता, तब तक कोई भी शिक्षक व कर्मचारी धरनास्थल को नहीं छोड़ेगा।
दामोदर सिंह यादव ने बताया कि इतिहास गवाह है कि जब-जब शिक्षकों से द्वेषपूर्ण व्यवहार किया गया, तब-तब शिक्षकों ने उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले संघर्ष किया और सरकार से अपनी बातें मनवाई। संवाद