बिल्सी। गांव सिरासौल पट्टी सीताराम में जमीन के विवाद को लेकर खेत में बोई गई आलू की फसल को ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने दो लोगों पर फसल बर्बाद करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़ित के अनुसार, गाटा संख्या 1450 की 0.638 हेक्टेयर भूमि पर उसका और उसके भाइयों चोब सिंह, बृजभान, मोहनलाल, वीरेश तथा मां राममूर्ति का संयुक्त कब्जा है। इस भूमि पर सभी ने मिलकर आलू की फसल बोई थी। आरोप है कि 11 नवंबर की मध्यरात्रि गांव के ओमप्रकाश और उसके बेटे मुनेन्द्र ने दबंगई दिखाते हुए ट्रैक्टर से पूरी फसल जोतकर नष्ट कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि जमीन से संबंधित मामले में उच्च न्यायालय से स्थगन आदेश होने के बावजूद आरोपियों ने फसल नष्ट कर दी। इससे करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। विरोध करने पर आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इधर, सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले में जांच कराई जा रही है।