बदायूं। विधानसभा चुनाव के बाद अब एमएलसी चुनाव की प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए मंगलवार से नामांकन होने हैं। कलक्ट्रेट में स्थित डीएम कोर्ट को नामांकन कक्ष बनाया गया है। इसी कक्ष में नामांकन पत्रों की खरीदारी की जाएगी, साथ ही इन्हें जमा किया जाएगा। इसको लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों ने अधीनस्थों को निर्देशित किया है।
एमएलसी चुनाव के लिए चुनाव की तारीखों का एलान होने के बाद जिला निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाताओं की सूची तैयार कर ली गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि 15 मार्च से नामांकन पत्रों की बिक्री होगी, साथ ही वह जमा होंगे। साथ ही नामांकन पत्र को 19 मार्च तक जमा किया जा सकता है। जबकि नाम-निर्देशन पत्रों की जांच का कार्य 21 मार्च तक होगा। नाम वापसी के लिए 23 मार्च निर्धारित की गई है। एडीएम ने बताया कि मतदान नौ अप्रैल को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। जबकि मतगणना का कार्य 12 अप्रैल को होगा। इसमें कुल 2700 मतदाता मतदान करेंगे। संवाद