बदायूं। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सभी छह सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे। पहली बार पार्टी ने तीन सीटों शहर, बिल्सी और बिसौली सीट पर महिलाओं का प्रत्याशी बनाया। कांग्रेस को उम्मीद थी कि भले पार्टी प्रत्याशियों को जीत न मिले, लेकिन मत प्रतिशत बढ़े, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कांग्रेस के छह प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में 38 लाख से ज्यादा खर्च किए, इसके बाद भी वोट दस हजार ही हासिल कर सके।
सबसे ज्यादा 11.55 लाख रुपये खर्च करने वाले बिल्सी प्रत्याशी अंकित चौहान 1889 वोट ही हासिल कर सके। शहर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रजनी सिंह ने जोरशोर से चुनाव लड़ा। चुनाव प्रचार पर छह लाख से ज्यादा खर्च किए, लेकिन उनको भी 2225 वोट ही मिले। दातागंज सीट पर आतिफ खां से कांग्रेस को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन वह भी 2409 वोट ही हासिल कर सके। इस तरह सभी छह कांग्रेस प्रत्याशियों को 10182 वोट ही मिले। मतगणना के बाद अब पार्टी अपने खराब प्रदर्शन की समीक्षा कर रही है।
कांग्रेस प्रत्याशियों का खर्च
-----------------
विधानसभा सीट प्रत्याशी खर्च मिले वोट
शहर रजनी सिंह 607690 2225
बिल्सी अंकित चौहान 1155182 1889
बिसौली प्रज्ञा यशोदा 545629 1088
सहसवान राजवीर सिंह 415699 1123
दातागंज आतिफ खां 389000 2409
शेखूपुर ममता देवी 691167 1448