खत्म हुई भागदौड़ तो फुर्सत में आए प्रत्याशी, वोटों की गुणा-भाग में बीता दिन
कौन बनेगा विधायक : प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ की चर्चा, कुछ ने परिवार के साथ समय बिताया
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। जिले में 14 फरवरी को शांतिपूर्वक मतदान निपट गया। लंबे समय से दिन रात जागकर मेहनत कर रहे प्रत्याशियों ने चैन की सांस ली। प्रत्याशियों की भागदौड़ खत्म हो गई तो मंगलवार को वह कुछ फुर्सत में दिखाई दिए। कुछ समय आराम किया तो कुछ समय समर्थकों के साथ वोटों के गुणाभाग में गुजारा। कौन सी जगह उन्हें ज्यादा और कहां कम वोट मिले, इसको लेकर भी विचार विमर्श हुआ। विभीषणों को भविष्य में सबक सिखाने और मेहनत करने वालों का साथ निभाने का भी दम भरा गया। मंगलवार को अधिकतर चुनाव कार्यालय बेरौनक नजर आए। हमने प्रत्याशियों से बात की तो कुल मिलाकर सबने ही जीत का दावा किया।
-
सदर विधानसभा क्षेत्र
महेश बोले- हम भारी अंतर से जीतेंगे चुनाव
शहर विधायक महेश गुप्ता अपने कैंप कार्यालय पर समर्थकों के साथ बैठे थे। यहां बूथों पर वोटों को लेकर चर्चा हो रही थी। समर्थकों का कहना था कि चुनाव भारी अंतर से जीत रहे हैं। खुद गुप्ता का भी मानना था कि कार्यकर्ताओं की मेहनत व जनता का आशीर्वाद उन्हें भरपूर मिला है।
-
हाजी रईस ने किया आराम, साइकिल की जीत का दावा
सपा प्रत्याशी हाजी रईस मंगलवार को पूरे दिन अपने आवास पर रहे और आराम किया। उनके बेटे ने बताया कि लगातार चुनावी भागदौड़ की वजह से पिता का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। वह शाम को कार्यालय पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात व चुनाव समीक्षा कर सकते हैं। बताया कि शहर सीट पर साइकिल ही लोगों की पहली पसंद के रूप में सामने आई है।
-
बसपा प्रत्याशी राजेश भी जीत को लेकर आश्वस्त
शहर से बसपा प्रत्याशी राजेश कुमार सिंह अपने कार्यालय पर साथियों के संग दोपहर में चुनाव समीक्षा में व्यस्त थे। उन्होंने बताया कि वह चुनाव जीत रहे हैं। बसपा का कैडर वोट बिल्कुल नहीं हिला है। उन्हें सजातीय ठाकुर वोट बैंक के साथ ही कई और बिरादरी का वोट मिला है। हर गांव में उनका वोट था, इसलिए जीत जरूर होगी।
-
कांग्रेस प्रत्याशी रजनी ने जिलाध्यक्ष के साथ की समीक्षा
कांग्रेस से शहर सीट की प्रत्याशी रजनी सिंह ने मंगलवार को अपने वजीरगंज आवास पर चुनावी स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह के साथ गांवों व मोहल्लों में स्थिति पर विमर्श किया। ओमकार सिंह ने बताया कि रजनी काफी मजबूती से लड़ी हैं। चुनाव परिणाम का इंतजार रहेगा।
--
बिल्सी विधानसभा क्षेत्र
हरीश ने गांव जाकर लिया माता-पिता का आशीर्वाद
भाजपा प्रत्याशी हरीश शाक्य चुनाव होने के बाद सबसे पहले अपने गांव कादराबाद पहुंचे। इसके बाद उन्होंने अपने माता-पिता से आशीर्वाद लिया और चुनाव को लेकर ग्रामीणों के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि बिल्सी क्षेत्र की जनता का उन्हें पूरा सहयोग मिला। समाज के सभी वर्गों ने चुनाव में मेहनत की है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि वह भारी मतों से विधायक बनकर विधानसभा पहुंचेंगे और उनके हक की बात उठाएंगे।
-
ममता को जीत का पूरा भरोसा
बसपा प्रत्याशी ममता शाक्य ने चुनाव के बाद मंगलवार को बदायूं रोड स्थित अपने कैंप कार्यालय पर बैठकर समर्थकों के साथ चुनाव की समीक्षा की। साथ ही जीत को लेकर वह पूरी तरह आश्वस्त दिखीं। उनका कहना है कि उन्हें सर्व समाज के लोगों ने वोट किया है। इसका परिणाम 10 मार्च को होने वाली मतगणना में देखने को मिल जाएगा।
-
मां को चुनाव लड़ाने फर्रुखाबाद निकले चंद्रप्रकाश
बिल्सी। महानदल-सपा के संयुक्त प्रत्याशी चंद्रप्रकाश शाक्य ने विधानसभा चुनाव के बाद मंगलवार को बाईपास स्थित कार्यालय पर बैठकर समर्थकों के साथ चुनाव की समीक्षा की। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि गठबंधन प्रत्याशी होने के नाते बिल्सी क्षेत्र के सभी वर्गों के लोगों ने उनके पक्ष में जमकर वोटिंग की है जो उन्हें जीत दिलाकर रहेगी। उन्होंने कहा कि अब वह अपनी मां को चुनाव लड़ाने के लिए फर्रुखाबाद के लिए जा रहे हैं। उसके बाद फिर बिल्सी आकर कार्यकर्ताओं के भेंट करेंगे।
-
अंकित ने मंदिर में की पूजा, मृत कार्यकर्ता के घर गए
बिल्सी। कांग्रेस प्रत्याशी अंकित चौहान अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। चुनाव से निपटने के बाद उन्होंने अपने पैतृक गांव में मंदिर में जाकर पूजा की। इसके बाद मोहल्ला नंबर छह निवासी कार्यकर्ता हाशिम अली के घर गए और उनके परिवार को सांत्वना दी। हाशिम की हाल ही में एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। अंकित ने बताया कि वह अच्छे अंतर से चुनाव जीत रहे हैं।
----
दातागंज विधानसभा क्षेत्र
कैप्टन को बड़ी जीत की उम्मीद, भीड़ लगी
दातागंज से सपा प्रत्याशी कैप्टन अर्जुन सिंह को बड़ी जीत की उम्मीद है। सुबह से ही उनके दातागंज स्थित आवास पर भारी भीड़ जुटने लगी। कैप्टन ने कहा कि जो फीडबैक मिला है उसके मुताबिक विरोधी काफी पीछे रह गए हैं।
-
राजीव कुमार सिंह बोले- बहुमत से जीत रही भाजपा
दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने मंगलवार को आराम करने के साथ ही कायकर्ताओं से लंबी बैठक की। कहा कि कार्यकर्ताओं ने काफी मेहनत की है। इसी की बदौलत भाजपा दातागंज से बहुमत से जीत रही है।
-
दातागंज से कांग्रेस प्रत्याशी आतिफ खां का पूरा दिन परिवार व कार्यकर्ताओं के बीच गुजरा। उन्होंने कहा कि मेरी जीत के लिए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं व मेरे साथियों ने जबर्दस्त मेहनत की है। परिणाम जो भी आए मैं इस पर ज्यादा यकीन नहीं करता। जनता का साथ मिला, यह महत्वपूर्ण है।
-
बसपा ही जीतेगी दातागंज का चुनाव
बसपा प्रत्याशी रचित गुप्ता ने दातागंज स्थित चुनाव कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ मंत्रणा की। इसमें अपेक्षित परिणाम के जिक्र के बीच रचित ने बताया कि बसपा के कैडर वोट के साथ ही वैश्य, ब्राह्मण व मौर्य शाक्य समाज तक का वोट उन्हें मिला है। किसान यूनियन पूरी तरह साथ थी। वही चुनाव जीतेंगे।
--
शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र
धर्मेंद्र को रिकार्ड जीत का भरोसा
शेखूपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने मंगलवार का दिन बदायूं आवास पर बिताया। कुछ देर वह बाहर क्षेत्र में भी गए। कार्यकर्ताओं से रुझान लेने के बाद धर्मेंद्र ने बताया कि उन्हें जीत का भरोसा है। यह जीत पिछले चुनाव की जीत से बड़ी और ऐतिहासिक होगी। जनता का प्यार वोट के रूप में उन्हें मिला है।
-
हिमांशु को भी जीत की उम्मीद
शेखूपुर के सपा प्रत्याशी हिमांशु यादव को भी अच्छी जीत का भरोसा है। युवा हिमांशु व उनके पिता पूर्व विधायक आशीष यादव कई दिन से लगातार क्षेत्र में दौरा कर रहे थे। मंगलवार को उन्होंने आराम किया। उनकी ओर से बताया गया कि सभी जाति वर्ग का वोट मिलने से वह मजबूत हुए हैं।
-
ममता प्रजापति ने समीक्षा की
शेखूपुर सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी ममता प्रजापति को भी दूसरे उम्मीदवारों की तरह जीत का भरोसा है। उन्होंने मंगलवार को जिलाध्यक्ष के साथ मतदान की स्थिति की समीक्षा की। ममता ने बताया कि वह कमजोर नहीं है।
-
मुस्लिम खां ने समर्थकों संग फोटो कराया
शेखूपुर सीट के बसपा प्रत्याशी हाजी मुस्लिम खां से मुलाकात करने मंगलवार को काफी संख्या में समर्थक पहुंचे। मुस्लिम खां ने उनके आग्रह पर साथ में फोटो कराए। उन्होंने बताया कि बसपा बहुत मजबूत है और शेखूपुर का चुनाव जीत रही है।
--
बिसौली विधानसभा क्षेत्र
कुशाग्र ने मां का जन्मदिन मनाया
बिसौली से भाजपा प्रत्याशी कुशाग्र सागर ने मंगलवार को बिसौली आवास पर ही मां का जन्मदिन मनाया। कार्यकर्ताओं व परिवार के बीच वक्त गुजारा। कहा कि दोबारा से रिकार्ड वोटों से जीतने जा रहे हैं।
-
आशुतोष को दमदार जीत का भरोसा
बिसौली से सपा प्रत्याशी आशुतोष मौर्य ने मंगलवार का दिन कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ गुजारा। कहा कि सपा को इस बार किसी एक जाति या धर्म के लोगों ने नहीं बल्कि भाजपा की नीतियों से आजिज तमाम लोगों ने समर्थन दिया है। वह रिकार्ड वोटों से जीतेंगे।
-
जयपाल को भी जीत का भरोसा
बिसौली से बसपा प्रत्याशी जयपाल सिंह ने मंगलवार का दिन परिवार के साथ बिताया। दोपहर के वक्त उनके चुनाव कार्यालय पर उत्साही कार्यकर्ता बैठे बसपा की जीत के दावे कर रहे थे। बताया जा रहा है कि बसपा का कैडर वोट पूरा जयपाल सिंह को मिला है। कई और वर्गों के समर्थन से वह मजबूत हुए हैं।
-
प्रज्ञा यशोदा भी कर रहीं जीत का दावा
कांग्रेस की बिसौली सीट से प्रत्याशी प्रज्ञा यशोदा खुद को कमजोर नहीं आंक रहीं। वह जीत का दावा कर रही हैं। जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह ने बताया कि बिसौली में कांग्रेस मजबूत है।
--
सहसवान विधानसभा क्षेत्र
ब्रजेश बोले- सपा के किले को हिलाना मुश्किल
सहसवान से सपा प्रत्याशी ब्रजेश यादव ने अपने उघैती, सहसवान और इस्लामनगर कार्यालयों पर जाकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि उनकी मेहनत के दम पर सपा फिर चुनाव जीतेगी। कहा कि सपा के किले को कोई लहर न पहले हिला पाई न अब हिला पाएगी।
-
हाजी बिट्टन ने बताया, बसपा में है दम
सहसवान से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले हाजी बिट्टन ने कार्यकर्ताओं के बीच रहकर दिन गुजारा। वह इस्लामनगर स्थित आवास पर भी गए। कहा कि सहसवान में इस बार बसपा की रिकार्ड जीत होगी।
-
डीके को भी जीत का भरोसा
सहसवान से भाजपा प्रत्याशी डीके भारद्वाज कई दिनों से मेहनत कर रहे थे। मंगलवार को उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ वक्त गुजारा। कहा कि इस बार सहसवान में कमल खिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं व जनता से मुलाकात की।
-
फोटो- 63
कुणाल बोले- इस बार सहसवान में होगा परिवर्तन
सहसवान से राष्ट्रीय परिवर्तन दल के प्रत्याशी कुणाल यादव ने मंगलवार को आराम किया। बाद में संगठन के बूथ प्रबंधकों से मुलाकात कर स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि इस बार सहसवान की जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है।
-
राजवीर बोले- कांग्रेस कमजोर नहीं है
सहसवान से कांग्रेस प्रत्याशी राजवीर यादव ने गांव में परिवार के साथ वक्त बिताया। कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। कहा कि कांग्रेस को लोग कमजोर मानने की भूल न करें। पार्टी पहले के मुकाबले मजबूत हुई है।