मंडी समिति में देर रात ईवीएम जमा करने के लिए जाती एक माहिला कार्मिक। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। मतदान कराने के बाद कार्मिक मंडी समिति में ईवीएम जमा करने पहुंचे लेकिन एक-दूसरे से पहले ईवीएम जमा करने के चक्कर में काउंटर पर भीड़ लग गई। ऐसे में देर रात तक मंडी में ईवीएम जमा होती रहीं। दूरदराज से आए कार्मिकों को मंडी में खुले आसमान के नीचे रात काटने पर मजबूर होना पड़ा। कई कार्मिक रात तक जाम में फंसे रहे।
चुनाव आयोग की ओर से इस बार मतदान के समय में एक घंटे की बढ़ोतरी की गई थी। ऐसे में शाम पांच के बजाय छह बजे तक मतदान हुआ। इसकी वजह से कार्मिक बूथों से देर से निकल पाए, क्योंकि 1734 पोलिंग पार्टी एक साथ अपने-अपने बूथों से मंडी पहुंचने के लिए निकलीं। शहर में आते-आते मंडी जाने वाले रूट पर जाम लगा। ऐसे में कार्मिक देर रात तक मंडी पहुंच पाए। जिसकी वजह से उन्हें ईवीएम को जमा करने में काफी समय लग गया। ऐसे में देर रात ईवीएम जमा करने बाद में कार्मिक अपने घर नहीं लौट सके, क्योंकि प्रशासन की ओर से केवल मंडी समिति के लिए वाहन की व्यवस्था कराई थी। इस वजह से महिलाओं समेत दूर-दराज से आने वाले कर्मचारियों ने मंडी में खुले आसमान के नीचे ठंड में रात व्यतीत की। सुबह वाहनों का आवागमन शुरू होने के बाद में अपने गंतव्य को रवाना हो गए। संवाद