सहसवान के एक पोलिंग बूथ पर सोमवार को लगी मतदाताओं की लाइन। (फाइल फोटो)
- फोटो : BADAUN
बदायूं। विधानसभा चुनाव के लिए जिले की छह सीटों पर सोमवार को कराए गए मतदान के अपडेट आंकड़े निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को जारी कर दिए। सोमवार को जारी आंकड़ों के मुकाबले मतदान प्रतिशत और भी गिरा है। सोमवार को 59.43 फीसदी मतदान होने की बात कही गई थी। मंगलवार को जारी आंकड़ों में मतदान 58.86 प्रतिशत होना बताया गया है। 2017 के चुनाव में जिले में 59.85 प्रतिशत मतदान हुआ था। पिछले चुनाव के लिहाज से एक फीसदी मतदान प्रतिशत गिरा है। इसमें पिछले साल के मुकाबले करीब 23 हजार कम लोगों ने वोट डाले हैं।
जिले में बिल्सी सीट पर सबसे कम 57.65 और शेखूपुर सीट पर सबसे ज्यादा 60.89 फीसदी मतदान हुआ है। बिल्सी सीट पर कुल 354927 मतदाताओं में 110521 पुरुष और 94083 महिलाओं ने मतदान किया। वहीं शेखूपुर सीट पर कुल 403125 मतदाताओं में 130219 पुरुष और 115255 महिलाओं ने मतदान किया। पिछले चुनाव में यहां 62.46 प्रतिशत मतदान हुआ था। शेखूपुर में पिछले चुनाव के मुकाबले करीब दो फीसदी कम मतदान हुआ है। सहसवान सीट पर भी मतदान का प्रतिशत करीब दो फीसदी गिरा है। इस बार यहां 58.86 प्रतिशत मतदान हुआ।
2017 के चुनाव में यहां 60.41 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार कुल 425960 मतदाताओं में 134679 पुरुष और 116037 महिलाओं ने मतदान किया। शहर सीट पर पिछले चुनाव में 60.17 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार यहां भी मतदान प्रतिशत गिरा कर 58.01 पर आ गया। यहां कुल 375757 मतदाताओं में 117716 पुरुष और 100267 महिलाओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
दातागंज विधानसभा सीट पर मतदान प्रतिशत में कुछ इजाफा हुआ है। यहां इस बार 58.27 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल 406776 मतदाताओं में से 129759 पुरुष और 107257 महिलाओं ने मतदान किया। बिसौली क्षेत्र में 59.26 प्रतिशत मदान हुआ। यहां कुल 375757 मतदाताओं में 117716 पुरुष और 100267 महिलाओं ने मतदान किया। संवाद