पत्रकारवार्ता करते वेलफेयर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। वेलफेयर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. एसक्यूआर इलियास मंगलवार को बदायूं में थे। उन्होंने यहां यूपीटी गेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता में कहा कि यूपी चुनाव काफी महत्वपूर्ण है। जनता को तय करना होगा कि वह भाजपा का फासीवाद चाहती है या फिर स्वस्थ लोकतांत्रिक सरकार। उन्होंने कहा कि सपा से पार्टी का गठबंधन तय है। छह सीटों पर सहमति की संभावना है। बता दें कि डॉ. इलियास जेएनयू कांड के आरोपी उमर खालिद के पिता हैं।
उमर के सवाल पर सफाई दी कि वह जेएनयू प्रकरण के वक्त दिल्ली में ही नहीं था। उसे फंसाया गया है, शायद तभी आज तक दिल्ली पुलिस चार्जशीट दाखिल नहीं कर सकी है।
डॉ. इलियास ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा को सूबे की सत्ता से हटाना आवश्यक है। प्रदेश की योगी सरकार महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और कोरोना काल में स्वास्थ्य सुविधा देने समेत हर मोर्चे पर विफल है। चुनाव में हार सामने देख भाजपा और आरएसएस कुनबा बौखला गया है। सांप्रदायिक कार्ड खेलकर सांप्रदायिक विभाजन द्वारा सत्ता में लौटने की साजिश को भी जनता ने नकार दिया है।
सूबे में बदलाव की लहर चल रही है। भाजपा को हराने के लिए सभी सेक्युलर जन पक्षधर पार्टियों और नागरिकों को एकजुट होना जरूरी है। कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से तीन दौर की वार्ता हुई है। इसमें मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने पर सहमति बन चुकी है। हमारी पार्टी सूबे में जहां चुनाव जीत सकती है ऐसी छह सीटों पर चुनाव लड़ने का मन बनाया है और 150 सीटों पर सपा के पक्ष में वोटों को ट्रांसफर कराने के लिए काम कर रही है। डॉ. इलियास ने बताया कि वेलफेयर पार्टी को शेखूपुर सीट मिली तो अजीत सिंह यादव प्रत्याशी होंगे। प्रेसवार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी सिराज तालिब, मंडल अध्यक्ष मुस्लिम अंसारी, जिलाध्यक्ष साकिब हुसैन फलाही, जिला महासचिव अनिल यादव, जिला उपाध्यक्ष अमीरुल हसन, सुरेंद्र सिंह यादव समेत कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद